पूर्णिया में 4 स्कॉर्पियो चोरी का खुलासा, 3 बरामद; फारबिसगंज का मास्टरमाइंड गाड़ियों का हुलिया बदलकर करता था खपाने का काम
पूर्णिया: जिले के शहरी इलाके में पिछले चार-पांच महीनों के दौरान चोरी हुई चार स्कॉर्पियो में से पुलिस ने तीन गाड़ियां बरामद कर ली हैं। चौथी गाड़ी का भी पता लगा लिया गया है। पुलिस जांच में अंतरजिला वाहन चोर गिरोह की संलिप्तता सामने आई है। गिरोह का मास्टरमाइंड अररिया जिले के फारबिसगंज क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, गिरोह चोरी की गाड़ियों को अलग-अलग हिस्सों में खोल देता था। इसके बाद चेचिस और इंजन नंबर में बदलाव कर गाड़ियों का हुलिया बदल दिया जाता था और फिर उन्हें दूसरे ठिकानों पर खपाया जाता था।
सदर एसडीपीओ-1 अभिनव पाराशर ने बताया कि पूर्णिया एसएसपी के निर्देश पर वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए एसआईटी का गठन किया गया था। तकनीकी अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन मामलों में सफलता मिली है।
आरा से बरामद हुईं दो स्कॉर्पियो
पुलिस के मुताबिक, सदर थाना कांड संख्या 516/26 में चोरी हुई स्कॉर्पियो को भोजपुर जिले के आरा स्थित नवादा थाना क्षेत्र के पास से बरामद किया गया।
वहीं, केहाट थाना कांड संख्या 292/26 में चोरी हुई दूसरी स्कॉर्पियो भी आरा जिले के नवादा थाना क्षेत्र में शराब से जुड़े एक मामले के दौरान जब्त की गई थी।
तीसरी गाड़ी का बदल दिया गया था पूरा हुलिया
सहायक थाना कांड संख्या 322/26 में चोरी हुई स्कॉर्पियो के चेचिस, इंजन और अन्य हिस्सों को पूरी तरह पंच और मॉडिफाई कर बदल दिया गया था।
पुलिस के अनुसार, वाहन के मालिक की ओर से गाड़ी का सत्यापन किया जा चुका है। तकनीकी स्तर पर सत्यापन और आगे की कार्रवाई जारी है।
चौथे मामले में भी इसी गिरोह की संलिप्तता सामने आई है। हालांकि, अभी वाहन की बरामदगी और सत्यापन की प्रक्रिया बाकी है।
चोरी का पैटर्न एक जैसा, लाइनर वाहनों की पहचान
सदर एसडीपीओ-1 अभिनव पाराशर ने बताया कि चारों चोरी की घटनाओं का पैटर्न एक जैसा था। अलग-अलग स्थानों से मिले सीसीटीवी फुटेज में भी गिरोह की कार्यप्रणाली की पुष्टि हुई है।
जांच में सामने आया है कि वारदात के दौरान लाइनर के रूप में डिजायर और नेक्सन कारों का इस्तेमाल किया जाता था। पुलिस ने इन वाहनों की पहचान कर ली है और उनकी जब्ती की कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है।
फारबिसगंज का मास्टरमाइंड, चार जिलों में छापेमारी
पुलिस के मुताबिक, गिरोह का मास्टरमाइंड अररिया जिले के फारबिसगंज क्षेत्र का रहने वाला है। वह चोरी के लिए गाड़ियों की रेकी और लाइनअप करवाता था। इसके बाद विभिन्न गैराज और अन्य ठिकानों पर चोरी की गाड़ियों को खोलकर उनका स्वरूप बदलवाया जाता था।
मामले में समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, फारबिसगंज और अररिया से जुड़े लोगों की संलिप्तता सामने आई है। गिरोह के सदस्यों की गिरफ्तारी और सत्यापन के लिए पुलिस इन क्षेत्रों में लगातार छापेमारी कर रही है।
फिलहाल तीन चोरी की स्कॉर्पियो बरामद हो चुकी हैं। चौथी गाड़ी की बरामदगी और गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।
Kosi Live की रिपोर्ट