बिहार के मधुबनी जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र स्थित बलिराजगढ़ गांव में पुलिसकर्मी की सर्विस रिवॉल्वर से हुई अंधाधुंध फायरिंग के मामले में पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। फायरिंग के आरोपी ASI चंद्रमोहन सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं, उसकी गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। आरोपी को पुलिस सेवा से बर्खास्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
मधुबनी के एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि घटना के बाद से आरोपी एएसआई फरार है। उसके खिलाफ बाबूबरही थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के लिए पांच विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है। सभी टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।
एसपी ने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी के बाद मामले का स्पीडी ट्रायल कराया जाएगा। एसपी ने आरोपी को फांसी की सजा दिलाने की बात भी कही है।
महिला के घर में घुसने के बाद ग्रामीणों ने बाहर से बंद किया था दरवाजा
एसपी के अनुसार, घटना सोमवार की देर रात करीब एक बजे की है। बाबूबरही थाना के डायल 112 को सूचना मिली थी कि बलिराजगढ़ गांव में गोलीबारी हुई है, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई है और कई लोग घायल हैं। सूचना मिलते ही एसपी पुलिस टीम के साथ सदर अस्पताल पहुंचे और घायलों के परिजनों से जानकारी लेने के बाद घटनास्थल का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान सामने आया कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) की ओर से बलिराजगढ़ में खुदाई का काम कराया जा रहा है। इसी कार्य में एएसआई चंद्रमोहन सिंह की तैनाती थी। एसपी के मुताबिक, आरोपी का गांव की एक महिला के घर आना-जाना था। घटना वाली रात भी वह महिला के घर पहुंचा था।
इसी दौरान पड़ोस की एक महिला ने उसे घर के अंदर देखकर बाहर से दरवाजा बंद कर दिया और शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर देर रात बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
खिड़की से सर्विस रिवॉल्वर निकालकर की फायरिंग
एसपी के मुताबिक, जब एएसआई को लगा कि वह घर में फंस गया है और ग्रामीणों के बीच घिर चुका है, तो उसने बचने के लिए घर की खिड़की से अपनी सर्विस रिवॉल्वर से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
इस गोलीबारी में चार लोगों को गोली लगी। स्थानीय ग्रामीणों का दावा है कि करीब पांच से छह राउंड फायरिंग हुई, जबकि एसपी ने तीन से चार राउंड गोली चलने की पुष्टि की है।
एक व्यक्ति की मौत, तीन घायल
गोलीबारी में अशोक यादव (45) की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि उनके सिर और सीने में गोली लगी थी। वहीं, फूलो देवी (40) के पेट में, विजेंद्र यादव (45) के गले में और धनिकलाल यादव के पैर में गोली लगी।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने अशोक यादव को मृत घोषित कर दिया। अन्य तीन घायलों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया।
फूलो देवी की भी मौत की सूचना, पुलिस ने की एक मौत की पुष्टि
इस बीच जानकारी सामने आई कि सदर अस्पताल ले जाने के दौरान गंभीर रूप से घायल फूलो देवी की भी मौत हो गई। हालांकि, मधुबनी पुलिस की ओर से फिलहाल केवल एक व्यक्ति की मौत की आधिकारिक पुष्टि की गई है। अन्य घायलों का इलाज जारी है।
गांव में पुलिस बल तैनात, अफवाहों से बचने की अपील
घटना के बाद बलिराजगढ़ गांव में तनाव और शोक का माहौल है। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।
फिलहाल पुलिस की पांच विशेष टीमें फरार आरोपी ASI चंद्रमोहन सिंह की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं। वहीं, आरोपी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ कानूनी प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है।