Kosi Live-कोशी लाइव बिहार में महिला के घर से 77.82 ग्राम हेरोइन बरामद, 1.25 लाख रुपये नकद भी जब्त; 20 से 25 लाख बताई जा रही कीमत, महिला गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, November 4, 2026

बिहार में महिला के घर से 77.82 ग्राम हेरोइन बरामद, 1.25 लाख रुपये नकद भी जब्त; 20 से 25 लाख बताई जा रही कीमत, महिला गिरफ्तार

कैमूर में महिला के घर से 77.82 ग्राम हेरोइन बरामद, 1.25 लाख रुपये नकद भी जब्त; 20 से 25 लाख बताई जा रही कीमत, महिला गिरफ्तार

बिहार के कैमूर जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। भभुआ थाना क्षेत्र के सिकठी गांव में छापेमारी के दौरान पुलिस ने महिला के घर से 77.82 ग्राम हेरोइन बरामद की है। इसके साथ ही 1 लाख 25 हजार 670 रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन और एयरटेल कंपनी का एक सिम कार्ड भी जब्त किया गया है। बरामद हेरोइन की कीमत करीब 20 से 25 लाख रुपये आंकी जा रही है।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी

भभुआ डीएसपी ओम प्रकाश ने बताया कि मंगलवार की शाम करीब 6:30 बजे थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि सिकठी गांव में एक महिला हेरोइन बेचने का कारोबार कर रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पहले उसका सत्यापन कराया और इसकी जानकारी वरीय अधिकारियों को दी।

वरीय अधिकारियों के निर्देश पर भभुआ इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने सिकठी गांव में संबंधित महिला के घर पर छापेमारी की योजना बनाई।

पुलिस को देखते ही भागने लगे लोग

पुलिस टीम जब सिकठी गांव में उर्मिला देवी के घर के पास पहुंची तो वहां मौजूद कुछ लोग पुलिस को देखकर भागने लगे। हालांकि, महिला पुलिसकर्मियों की मदद से पुलिस ने आरोपी महिला को पकड़ लिया।

इसके बाद महिला और उसके घर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस को 77.82 ग्राम हेरोइन, 1 लाख 25 हजार 670 रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन और एक एयरटेल सिम कार्ड मिला। पुलिस ने सभी सामानों को जब्त कर लिया।

रामगढ़ से हेरोइन खरीदकर लाने की बात स्वीकार की

डीएसपी ओम प्रकाश के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में गिरफ्तार महिला ने रामगढ़ से हेरोइन खरीदकर लाने की बात बताई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि महिला किससे हेरोइन खरीदती थी और इस अवैध कारोबार में उसके साथ कौन-कौन लोग शामिल हैं।

अन्य तस्करों की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। हेरोइन की आपूर्ति करने वाले नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी गई है। गिरफ्तार महिला को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम को मिलेगा इनाम

इस कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मियों के कार्य की सराहना करते हुए कैमूर के पुलिस अधीक्षक ने टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

सिकठी गांव में हुई इस कार्रवाई के बाद इलाके में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे नेटवर्क का पता लगाकर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।