सहरसा में एक महीने में 73 नशा तस्कर गिरफ्तार, 85 मामले दर्ज; शराब, कोरेक्स सिरप, गांजा और स्मैक की बड़ी खेप जब्त
सहरसा | Kosi Live की रिपोर्ट
सहरसा जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक महीने तक विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। 27 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक चलाए गए इस अभियान के दौरान पुलिस ने 73 लोगों को गिरफ्तार किया और मद्यनिषेध एवं सूखे नशे से संबंधित कुल 85 मामले दर्ज किए। इस दौरान भारी मात्रा में शराब, प्रतिबंधित कफ सिरप, गांजा और स्मैक बरामद की गई।
गुरुवार को पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग ने प्रेस वार्ता कर अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ‘नशामुक्त बिहार अभियान’ के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष छापेमारी की गई। नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ आम लोगों को जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
शराब और प्रतिबंधित मादक पदार्थों की बड़ी खेप बरामद
अभियान के दौरान पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 1,300 लीटर देसी शराब और 2,783.445 लीटर विदेशी शराब जब्त की।
वहीं, सूखे नशे और प्रतिबंधित मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई में 1,377.8 लीटर प्रतिबंधित कोरेक्स कफ सिरप, 63.171 किलोग्राम गांजा और 172.36 ग्राम स्मैक बरामद की गई।
पुलिस की इस कार्रवाई से जिले में नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
497 जगहों पर चलाए गए जागरूकता कार्यक्रम
नशे के खिलाफ कार्रवाई के साथ सहरसा पुलिस ने जागरूकता अभियान भी चलाया। जिले में 497 स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम और गतिविधियां आयोजित की गईं।
इन कार्यक्रमों के माध्यम से करीब 40 हजार नागरिकों और युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस ने लोगों से नशे से दूर रहने और नशे के अवैध कारोबार की सूचना पुलिस को देने की अपील की।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग ने बताया कि नशे के खिलाफ छापेमारी और जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य जिले में शराब और प्रतिबंधित मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर रोक लगाना तथा युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना है।
सहरसा पुलिस ने अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा—“आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प।”