Kosi Live-कोशी लाइव सुपौल में टाटा पंच कार से 132.750 लीटर विदेशी शराब जब्त, चालक समेत दो गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, November 26, 2026

सुपौल में टाटा पंच कार से 132.750 लीटर विदेशी शराब जब्त, चालक समेत दो गिरफ्तार

सुपौल-बसबिट्टी मुख्य सड़क पर टाटा पंच कार से 132.750 लीटर विदेशी शराब जब्त, चालक समेत दो गिरफ्तार

सुपौल | Kosi Live की रिपोर्ट

सुपौल जिले में शराब तस्करी के खिलाफ उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। सुपौल-बसबिट्टी मुख्य सड़क पर छापेमारी कर उजले रंग की टाटा पंच कार से 132.750 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई। मौके से कार चालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त शराब हरियाणा निर्मित बताई जा रही है।

उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि टाटा पंच कार से विदेशी शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर उत्पाद अधीक्षक अशोक कुमार सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई।

रात 12:30 बजे से सुबह 4 बजे तक चली कार्रवाई

बुधवार रात करीब 12:30 बजे से गुरुवार सुबह 4 बजे तक सुपौल-बसबिट्टी मुख्य सड़क पर निगरानी और छापेमारी की गई। टीम का नेतृत्व कुश कुमार कर रहे थे। अभियान में विष्णुदेव यादव समेत अन्य उत्पाद विभाग के कर्मी शामिल थे।

इसी दौरान टीम ने उजले रंग की टाटा पंच कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से अलग-अलग ब्रांड की विदेशी शराब की बोतलें बरामद हुईं।

अलग-अलग ब्रांड की 177 बोतलें बरामद

कार से 750 एमएल की कुल 177 बोतलें विदेशी शराब जब्त की गईं। इनमें शामिल हैं—

  • ब्लेंडर्स प्राइड – 27 बोतल
  • रॉकफोर्ड क्लासिक – 35 बोतल
  • सिग्नेचर रेयर – 18 बोतल
  • टीचर्स हाईलैंड क्रीम – 13 बोतल
  • रॉयल स्टैग – 84 बोतल

सभी बोतलों की कुल मात्रा 132.750 लीटर बताई गई है।

सुपौल और सहरसा के दो युवक गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुपौल जिले के गौरवगढ़ वार्ड संख्या 6 निवासी नीतिश कुमार और सहरसा जिले के सीसई अगवानपुर वार्ड संख्या 7 निवासी छोटू राय के रूप में हुई है।

शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही टाटा पंच कार, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर BR 19 W 2419 है, उसे भी जब्त कर लिया गया है।

मद्य निषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी

उत्पाद विभाग ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए) और 32(सी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

उत्पाद अधीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। मामले में आगे की जांच जारी है।