Kosi Live-कोशी लाइव पूर्णिया में बकरी चोर गिरोह का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार:पुलिस ने 5 चोरी की बकरियां-खस्सी की बरामद, कार और मोबाइल भी जब्त - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, November 5, 2026

पूर्णिया में बकरी चोर गिरोह का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार:पुलिस ने 5 चोरी की बकरियां-खस्सी की बरामद, कार और मोबाइल भी जब्त

पूर्णिया में बकरी चोर गिरोह का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार: जलालगढ़ पुलिस ने 5 चोरी की बकरियां-खस्सी की बरामद, कार और मोबाइल भी जब्त

पूर्णिया। जिले में मवेशी चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पूर्णिया पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में जलालगढ़ थाना पुलिस ने बकरी और खस्सी चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही और तकनीकी एवं मानवीय अनुसंधान के आधार पर चोरी गई 5 बकरी और खस्सी बरामद की है। इसके साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई एक कार और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार, जलालगढ़ थाना क्षेत्र के करियात गेहुंवा गांव, वार्ड संख्या-05 निवासी संजय कुमार विश्वास, पिता रामानंद विश्वास ने अपनी बकरी और खस्सी चोरी होने को लेकर थाने में लिखित आवेदन दिया था। आवेदन के आधार पर जलालगढ़ थाना कांड संख्या 254/26, दिनांक 02 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-02 के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। गठित टीम ने मानवीय सूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए चोरी गई सभी पांच बकरी और खस्सी बरामद कर ली। इस दौरान मामले में संलिप्त दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरफराज आलम, पिता सफीक आलम, निवासी औली टोला, थाना मधुबनी, जिला पूर्णिया और मोहम्मद बाबुल, पिता हैदर अली, निवासी मिर्जाहाता, वार्ड संख्या-04, थाना मधुबनी, जिला पूर्णिया के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार दोनों आरोपियों का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है। सरफराज आलम के खिलाफ केनगर थाना में वर्ष 2025 में चोरी से संबंधित मामला दर्ज है। वहीं, मोहम्मद बाबुल के खिलाफ मधुबनी और केहाट मधुबनी थाना में चोरी, मारपीट, धमकी समेत विभिन्न धाराओं में कई मामले दर्ज होने की जानकारी दी गई है।

बरामदगी में पांच बकरी और खस्सी, एक कार तथा एक मोबाइल फोन शामिल हैं। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस को आशंका है कि इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। हालांकि, गिरोह के नेटवर्क और चोरी की अन्य घटनाओं में इसकी संलिप्तता की जांच जारी है।

छापेमारी टीम में ये अधिकारी थे शामिल

इस कार्रवाई में सदर-02 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव कुमार, जलालगढ़ थानाध्यक्ष दीपक कुमार, अपर थानाध्यक्ष शिवम कुमार, प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक अभिषेक सिंह, प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक सुधांशु राज, जलालगढ़ थाना के सशस्त्र बल और पूर्णिया डीआईयू टीम शामिल रही।

पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में मवेशी चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले अपराधियों में हड़कंप मचा है।