मधेपुरा में रफ्तार का कहर: दो भीषण सड़क हादसों में 4 की मौत, 13 घायल; एक ही परिवार के तीन चचेरे-फुफेरे भाइयों की गई जान
मधेपुरा जिले में मंगलवार की देर शाम और रात सड़क हादसों ने भारी तबाही मचा दी। जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए भीषण सड़क हादसों में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। मृतकों में तीन चचेरे-फुफेरे भाई शामिल हैं। एक ही परिवार के तीन युवकों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। वहीं, दूसरे हादसे में महिलाओं समेत 13 लोग घायल हुए हैं, जिनमें तीन की गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
पहली दुर्घटना बिहारीगंज थाना क्षेत्र के बायपास रोड (एसएच-58) पर मंगलवार रात करीब 8:45 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, एक बाइक पर सवार तीन युवक सरौनी कला गांव में आयोजित काली पूजा का मेला देखने जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात भारी वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे युवक को पुलिस ने इलाज के लिए बिहारीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।
मृतकों में दो चचेरे और एक फुफेरे भाई शामिल
इस हादसे में मृतकों की पहचान बिहारीगंज प्रखंड की गमैल पंचायत के गोरपार वार्ड संख्या-14 निवासी मो. सुल्तान के पुत्र मो. जमशेद, मो. सत्तार के पुत्र मो. खुशो तथा सहरसा जिले के सोनवर्षा राज थाना क्षेत्र अंतर्गत देहद गांव निवासी मो. मंसूर के पुत्र मो. आफताब के रूप में हुई है।
पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, मो. जमशेद और मो. खुशो आपस में चचेरे भाई थे, जबकि मो. आफताब उनका फुफेरा भाई था। बताया जा रहा है कि तीनों रात का खाना खाने के बाद एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर मेला देखने निकले थे। लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने तीनों की जिंदगी छीन ली।
बिहारीगंज थानाध्यक्ष लव कुश कुमार ने बताया कि तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल भेज दिया गया है। फरार अज्ञात वाहन की पहचान और तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
मानिकपुर ओवरब्रिज पर ऑटो और दो बाइकों की टक्कर, एक की मौत
दूसरी दुर्घटना सदर प्रखंड के भर्राही थाना क्षेत्र अंतर्गत मानिकपुर चौक ओवरब्रिज के समीप मंगलवार देर शाम हुई। यहां एक सीएनजी ऑटो और दो मोटरसाइकिलों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि ऑटो और बाइक सवार कुल 13 लोग घायल हो गए। घायलों में अधिकांश महिलाएं शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, ऑटो में सवार सभी श्रद्धालु सिंहेश्वर प्रखंड के रहने वाले थे। वे महादेवपुर घाट पर पवित्र स्नान करने के बाद ऑटो रिजर्व कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मानिकपुर ओवरब्रिज के पास ऑटो की एक बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद अनियंत्रित ऑटो आगे चल रही दूसरी बाइक से टकराकर पलट गया।
हादसे में ऑटो और बाइक पर सवार कई लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
13 घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया, तीन मेडिकल कॉलेज रेफर
दुर्घटना की सूचना मिलते ही भर्राही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को आनन-फानन में मधेपुरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, रास्ते में ही एक गंभीर रूप से घायल अज्ञात व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। फिलहाल मृतक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. सचिन कुमार ने बताया कि हादसे में घायल सभी 13 लोगों का प्राथमिक उपचार शुरू किया गया। इनमें से तीन की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जेकेटीएमसीएच), मधेपुरा रेफर किया गया है।
दोनों हादसों के बाद अस्पताल में जुटी भीड़
दोनों सड़क दुर्घटनाओं की खबर फैलते ही मृतकों और घायलों के परिजनों में कोहराम मच गया। सदर अस्पताल में परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो और दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
लगातार हुए इन दो भीषण सड़क हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।