Kosi Live-कोशी लाइव बिहार में तेज रफ्तार कार खड़े ट्रक से टकराई, 3 वर्षीय मासूम की मौत; पांच लोग गंभीर रूप से घायल - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, November 20, 2026

बिहार में तेज रफ्तार कार खड़े ट्रक से टकराई, 3 वर्षीय मासूम की मौत; पांच लोग गंभीर रूप से घायल

नवादा में तेज रफ्तार कार खड़े ट्रक से टकराई, 3 वर्षीय मासूम की मौत; पांच लोग गंभीर रूप से घायल
नवादा: बिहार के नवादा जिले में शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। रजौली थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-20 पर तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। इस दुर्घटना में तीन वर्षीय मासूम अयांश की मौत हो गई, जबकि कार में सवार पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पश्चिम बंगाल से पटना जा रहा था परिवार

जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल निवासी रामप्रवेश पांडेय अपने परिवार और अन्य लोगों के साथ कार से पटना जा रहे थे। कार में तीन वर्षीय अयांश के अलावा करण शर्मा, फूलवती देवी (55), अनिता कुमारी (37), प्रीति शर्मा (17) और अंजली शर्मा सवार थे।

इसी दौरान रजौली थाना क्षेत्र में एनएच-20 पर कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई।

स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद में जुट गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और सभी घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल रजौली पहुंचाया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद तीन वर्षीय अयांश को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए नवादा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

हादसे की जांच में जुटी पुलिस

रजौली थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ट्रक सवार से भी पूछताछ कर रही है।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। जांच की जा रही है कि दुर्घटना चालक की लापरवाही से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।

कोशी लाइव की रिपोर्ट