सुपौल। जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कुशहा पंचायत के मयूरवा वार्ड नंबर-3 में धान के खेत से एक चारपहिया वाहन बरामद किया है। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें छिपाकर रखी गई कुल 273 लीटर अंग्रेजी शराब मिली। पुलिस को पीछा करते देख चालक और कथित शराब कारोबारी गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गए।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने शुरू किया पीछा
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक चारपहिया वाहन में भारी मात्रा में शराब लादकर मेन रोड में समधीनिया रोड के समीप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और संदिग्ध वाहन का पीछा करना शुरू कर दिया।
पुलिस को पीछे आता देख चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और मयूरवा वार्ड नंबर-3 की ओर भागने लगा। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई से घबराकर चालक और उसके साथ मौजूद कथित शराब कारोबारी वाहन को धान के खेत में छोड़कर फरार हो गए।
वाहन से 273 लीटर विदेशी शराब बरामद
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चारपहिया वाहन की तलाशी ली। इस दौरान वाहन से कुल 273 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई। जब्त शराब में आइकॉनिक व्हाइट व्हिस्की, ऑफिसर्स चॉइस और बीयर केन शामिल हैं।
प्राथमिकी दर्ज, फरार तस्करों की तलाश जारी
त्रिवेणीगंज थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस फरार वाहन चालक और कथित शराब कारोबारियों की पहचान करने में जुटी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में शराब तस्करों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।
Kosi Live की रिपोर्ट