मधेपुरा। जिले के अरार थाना क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोडीन युक्त कफ सिरप की करीब 250 बोतलों के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की है, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर BR43AG3042 है।
पुलिस के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 2 बजे विशनपुर अरार पंचायत के धीमेली टोला स्थित वार्ड नंबर 7 की ग्रामीण सड़क पर छापेमारी की गई। इस दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक एक बोरे में कफ सिरप की खेप लेकर जा रहे थे। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान बोरे से कोडीन युक्त कफ सिरप की करीब 250 बोतलें बरामद हुईं।
गिरफ्तार युवकों की पहचान आशीष कुमार, निवासी डेफरा वार्ड नंबर 9, अमरदीप कुमार, निवासी विशनपुर अरार वार्ड नंबर 7 और रंजन कुमार, निवासी तिलाठी वार्ड नंबर 2, थाना ग्वालपाड़ा के रूप में हुई है। इनमें आशीष और अमरदीप अरार थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं, जबकि रंजन ग्वालपाड़ा थाना क्षेत्र का निवासी है।
यह कार्रवाई अरार थानाध्यक्ष धीरज कुमार के नेतृत्व में की गई। छापेमारी दल में पीटीसी कमल किशोर कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस ने तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। बरामद कफ सिरप और जब्त मोटरसाइकिल को लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कफ सिरप की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां खपाने की तैयारी थी।