Kosi Live-कोशी लाइव सुपौल में प्रसव के बाद 25 वर्षीय महिला की मौत, शिवम नर्सिंग होम के 8 कमरे सील; परिजनों की शिकायत पर संचालक के खिलाफ FIR - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, November 5, 2026

सुपौल में प्रसव के बाद 25 वर्षीय महिला की मौत, शिवम नर्सिंग होम के 8 कमरे सील; परिजनों की शिकायत पर संचालक के खिलाफ FIR

सुपौल में प्रसव के बाद 25 वर्षीय महिला की मौत, शिवम नर्सिंग होम के 8 कमरे सील; परिजनों की शिकायत पर संचालक के खिलाफ FIR

सुपौल जिले के सरायगढ़ प्रखंड में प्रसव के बाद एक 25 वर्षीय महिला की मौत के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। परिजनों की शिकायत के बाद बुधवार को अधिकारियों की टीम ने शिवम नर्सिंग होम में छापेमारी कर उसके आठ कमरों को सील कर दिया। महिला की मौत के बाद निजी नर्सिंग होम की कार्यप्रणाली और इलाज में लापरवाही को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

मृतका की पहचान झिल्लाडुमरी पंचायत के सदानंदपुर वार्ड नंबर-4 निवासी मुकेश कुमार की पत्नी तारा देवी (25 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, तारा देवी को प्रसव पीड़ा होने पर सरायगढ़ स्थित शिवम नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था।

ऑपरेशन के बाद बिगड़ी तबीयत, दूसरे अस्पताल में तोड़ा दम

परिजनों का आरोप है कि एक आशा कार्यकर्ता ने उन्हें बहला-फुसलाकर शिवम नर्सिंग होम में भर्ती कराया था। वहां प्रसव के लिए ऑपरेशन किया गया, लेकिन ऑपरेशन के बाद महिला की हालत लगातार बिगड़ने लगी। स्थिति गंभीर होने पर परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए जिला मुख्यालय स्थित आनंद लोक एवं ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे।

हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद 3 नवंबर को इलाज के दौरान तारा देवी की मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। इसके बाद परिजनों ने सिविल सर्जन कार्यालय पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई और कार्रवाई की मांग की।

सीएस के निर्देश पर पहुंची अधिकारियों की टीम, 8 कमरे सील

मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल सर्जन डॉ. बाबू साहब झा के निर्देश पर अधिकारियों की एक टीम ने शिवम नर्सिंग होम में छापेमारी की। टीम में बीडीओ अच्युतानंद, सीओ कुणाल गौरव, राजस्व अधिकारी राकेश रंजन, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. चंद्रभूषण मंडल और एसआई वर्षा कुमारी शामिल थीं।

जांच के दौरान नर्सिंग होम से संबंधित सामग्री आठ कमरों में रखी हुई मिली। इसके बाद अधिकारियों ने सभी आठ कमरों को सील कर दिया। बीडीओ ने बताया कि सिविल सर्जन के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है।

नर्सिंग होम संचालक फरार, नामजद आरोपियों पर FIR

कार्रवाई के दौरान नर्सिंग होम संचालक के फरार होने की बात सामने आई है। थानाध्यक्ष जयप्रकाश चौधरी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद महिला का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस के अनुसार, आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, सिविल सर्जन डॉ. बाबू साहब झा ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर नर्सिंग होम को सील कराया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि परिजनों के आवेदन के आधार पर नामजद आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

फिलहाल, मामले में पुलिस जांच जारी है। अब जांच के दौरान यह स्पष्ट होगा कि इलाज में किसी तरह की चिकित्सकीय लापरवाही हुई थी या नहीं और महिला की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आगे क्या कार्रवाई होती है।