एनएच-31 पर लखमीनिया स्टेशन चौक के पास पुलिस की कार्रवाई, कार और दो मोबाइल जब्त; चालक समेत कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान
बेगूसराय: जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बलिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन जांच के दौरान एक अर्टिगा कार से 2077 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया है। बरामद कफ सिरप की कुल मात्रा करीब 207 लीटर बताई जा रही है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
गुप्त सूचना पर एनएच-31 पर वाहन जांच
बलिया थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बेगूसराय से एक अर्टिगा कार में प्रतिबंधित कफ सिरप की खेप लेकर खगड़िया में डिलीवरी के लिए भेजी जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने एनएच-31 स्थित लखमीनिया स्टेशन चौक के समीप वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध अर्टिगा कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 2077 बोतल यानी करीब 207 लीटर प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद हुआ।
कार चालक और कथित कारोबारी की पहचान
पुलिस ने मौके से अर्टिगा कार (BR09AS 9321) और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। कार चालक की पहचान बेगूसराय शहर के पोखरिया निवासी राम बहादुर साह के पुत्र गंगेश कुमार के रूप में हुई है।
वहीं, मामले में कथित कारोबारी की पहचान खगड़िया जिले के मानसी थाना क्षेत्र निवासी सुरेश पंजीकार के पुत्र अखिलेश पंजीकार के रूप में की गई है।
कफ सिरप तस्करी के नेटवर्क की जांच शुरू
थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जब्त मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर प्रतिबंधित कफ सिरप के अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क की जांच की जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कफ सिरप की खेप कहां से लाई गई थी, इसकी सप्लाई किन लोगों तक होनी थी और इस अवैध कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस की इस कार्रवाई से प्रतिबंधित कफ सिरप के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
Kosi Live की रिपोर्ट