मधुबनी फायरिंग कांड: 2 लाख के इनामी फरार ASI चंद्रमोहन सिंह का शव बरामद, पास में मिली सर्विस पिस्टल
मधुबनी: बिहार के मधुबनी जिले के चर्चित बाबूबरही फायरिंग कांड में बड़ा मोड़ सामने आया है। ग्रामीणों पर अंधाधुंध गोलीबारी करने के आरोपी फरार ASI चंद्रमोहन सिंह का शव गुरुवार (12 नवंबर) देर शाम बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ इलाके में एक मैदान से बरामद किया गया। खास बात यह है कि उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने इसी दिन इनाम की राशि बढ़ाकर 25 हजार से 2 लाख रुपये कर दी थी।
शव के पास से पुलिस ने उसकी सर्विस पिस्टल, आधार कार्ड, मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू की। FSL की टीम को भी साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया।
12 विशेष पुलिस टीमें कर रही थीं तलाश
पुलिस के अनुसार, 3 नवंबर को बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ में हुई गोलीबारी की घटना के बाद से ही ASI चंद्रमोहन सिंह फरार था। उसकी गिरफ्तारी के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार के निर्देश पर करीब 12 विशेष टीमों का गठन किया गया था।
पुलिस की टीमें बिहार के अलग-अलग जिलों के अलावा नेपाल सीमा और राज्य के बाहर भी संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही थीं। तकनीकी निगरानी के जरिए भी उसकी तलाश की जा रही थी।
शव के नीचे मिली सर्विस पिस्टल, FSL ने जुटाए साक्ष्य
गुरुवार शाम बाबूबरही इलाके के एक मैदान में शव पड़े होने और दुर्गंध आने की सूचना पुलिस को मिली। इसके बाद सदर-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
कपड़े, आधार कार्ड, मोबाइल और लैपटॉप समेत अन्य सामान के आधार पर शव की पहचान फरार ASI चंद्रमोहन सिंह के रूप में की गई। जांच के दौरान शव के नीचे से उसकी सर्विस पिस्टल भी बरामद हुई।
पुलिस ने पिस्टल को जब्त कर लिया है। इसे बैलेस्टिक जांच के लिए भेजा जाएगा, ताकि हथियार के इस्तेमाल से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
तीन डॉक्टरों का मेडिकल बोर्ड करेगा पोस्टमार्टम
फिलहाल ASI चंद्रमोहन सिंह की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव का इनक्वेस्ट तैयार किया जा रहा है। तीन डॉक्टरों की मेडिकल बोर्ड टीम पोस्टमार्टम करेगी। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।
पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट, इनक्वेस्ट रिपोर्ट और सर्विस पिस्टल की बैलेस्टिक जांच रिपोर्ट का इंतजार है। इन्हीं रिपोर्टों के आधार पर मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
युवती के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखने पर हुआ था विवाद
दरअसल, इस पूरे मामले की शुरुआत 3 नवंबर को हुई थी। आरोप है कि बलिराजगढ़ में ग्रामीणों ने ASI चंद्रमोहन सिंह को एक युवती के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसको लेकर ग्रामीणों ने विरोध किया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि इसी दौरान ASI ने ग्रामीणों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए थे। घटना के बाद आरोपी ASI मौके से फरार हो गया था।
डीएम के साथ हुई थी बदसलूकी, तेजस्वी यादव भी पहुंचे थे गांव
गोलीबारी की घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया था। 4 नवंबर को मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया था। स्थिति को संभालने के लिए मधुबनी के डीएम आनंद शर्मा, एसएसपी योगेंद्र कुमार और सदर एसडीओ चंदन कुमार झा समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे थे।
प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित भीड़ ने डीएम के साथ बदसलूकी की थी। कुछ लोगों ने उनका कॉलर पकड़ लिया था, जबकि एक महिला ने चप्पल निकाल ली थी। इसके बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।
वहीं, 5 नवंबर को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव समेत कई नेता पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे थे।
फिलहाल ASI चंद्रमोहन सिंह की मौत के बाद मधुबनी फायरिंग कांड ने नया मोड़ ले लिया है। अब पुलिस की जांच का मुख्य बिंदु उसकी मौत की परिस्थितियों का पता लगाना और सभी साक्ष्यों की वैज्ञानिक जांच करना है।
Kosi Live की रिपोर्ट