Kosi Live-कोशी लाइव मधेपुरा में RJD विधायक प्रो. चंद्रशेखर के ममेरे भाई की गोली मारकर हत्या, पीएचडी छात्र थे प्रिंस रंजन - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, October 16, 2026

मधेपुरा में RJD विधायक प्रो. चंद्रशेखर के ममेरे भाई की गोली मारकर हत्या, पीएचडी छात्र थे प्रिंस रंजन

मधेपुरा में RJD विधायक प्रो. चंद्रशेखर के ममेरे भाई की गोली मारकर हत्या, पीएचडी छात्र थे प्रिंस रंजन

विश्वविद्यालय जाने के दौरान बाइक सवार अपराधियों ने पीठ में मारी गोली, सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

पप्पू मेहता की रिपोर्ट/मधेपुरा। बिहार के मधेपुरा जिले में शुक्रवार को दिनदहाड़े बाइक सवार अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान घैलाढ़ थाना क्षेत्र के इनरवा गांव के वार्ड संख्या-7 निवासी सुनील यादव के पुत्र प्रिंस रंजन (25) के रूप में हुई है। प्रिंस रंजन पीएचडी के छात्र थे और राजद विधायक प्रो. चंद्रशेखर के ममेरे भाई भी थे। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे प्रिंस रंजन अपनी पल्सर बाइक से घर से बीएन मंडल विश्वविद्यालय जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान गोढ़ियारी चिमनी के पास नहर से पश्चिम बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। गोली उनकी पीठ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित

गोली लगने के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायल प्रिंस रंजन को आनन-फानन में मधेपुरा सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हत्या के कारणों का पता नहीं

विश्वविद्यालय जा रहे एक पीएचडी छात्र की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या किए जाने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। घटना के बाद मृतक के परिजनों और परिचितों में शोक है।

फिलहाल, वारदात को अंजाम देने वाले अपराधियों की पहचान और हत्या के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। मामले में पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई से जुड़े आधिकारिक विवरण का इंतजार है।


खबर को लगातार अपडेट किया जा रहा है....