Kosi Live-कोशी लाइव Crime News: बिहार में अवैध हथियार फैक्ट्री का खुलासा, भारी मात्रा में हथियार और उपकरण बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, October 22, 2026

Crime News: बिहार में अवैध हथियार फैक्ट्री का खुलासा, भारी मात्रा में हथियार और उपकरण बरामद

नवादा में अवैध हथियार फैक्ट्री का खुलासा, भारी मात्रा में हथियार और उपकरण बरामद

एसपी अभिनव धीमान के निर्देश पर पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त छापेमारी, एक गिरफ्तार; बेटे की भूमिका की भी जांच

नवादा। बिहार के नवादा जिले में पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण इकाई का खुलासा किया है। नारदीगंज थाना क्षेत्र के बनगंगा गांव में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर भारी मात्रा में हथियार, अर्धनिर्मित हथियार, बंदूक की नाल, कारतूस और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। इस मामले में विनेश विश्वकर्मा उर्फ बिंदी मिस्त्री को हिरासत में लिया गया है। वहीं, उसके बेटे दिलीप विश्वकर्मा की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, 22 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब आठ बजे सूचना मिली थी कि बनगंगा गांव निवासी दिलीप विश्वकर्मा और उसके पिता विनेश विश्वकर्मा उर्फ बिंदी मिस्त्री अपने घर में अवैध रूप से हथियार बनाने का काम कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान के निर्देश पर छापेमारी की योजना बनाई गई।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राहुल कुमार सिंह के नेतृत्व में नारदीगंज थाना प्रभारी राजेश कुमार, जिला पुलिस बल और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने संबंधित ठिकाने पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर के अलग-अलग कमरों और छिपाकर रखे गए स्थानों से हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और अन्य सामान बरामद किए गए।

देसी कट्टे, बंदूक की नाल और कारतूस बरामद

पुलिस ने मौके से एक देसी कट्टा, दो अर्धनिर्मित कट्टे की बॉडी और बट, चार बंदूक की नाल तथा 15 देसी कट्टे की बॉडी बनाने वाले लोहे के सांचे बरामद किए हैं। इसके अलावा 20 लोहे के पाइप, 30 लोहे की रेती, छह हथौड़े, दो ग्राइंडर मशीन, ड्रिल मशीनें और चार बेंच वाइस भी जब्त किए गए हैं।

छापेमारी के दौरान एक इलेक्ट्रिक वेल्डिंग मशीन और चार जिंदा कारतूस भी मिले। बरामद कारतूसों में तीन छोटे और एक बड़ा कारतूस शामिल है। पुलिस ने सभी सामान को विधिवत जब्त कर लिया है।

अवैध हथियार कारोबार के नेटवर्क की जांच

पुलिस इस मामले में अवैध हथियार निर्माण और उससे जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है। हिरासत में लिए गए विनेश विश्वकर्मा से पूछताछ की जा रही है। साथ ही उसके बेटे दिलीप विश्वकर्मा की कथित भूमिका और इस कारोबार में अन्य लोगों की संलिप्तता का पता लगाया जा रहा है।

मामले में नारदीगंज थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस दोनों व्यक्तियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

नवादा पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध हथियारों के निर्माण, तस्करी और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।