70 से 80 हजार रुपये मांगे, 15 हजार के कपड़े भी खरीदवाए; रतवारा पुलिस ने दो महिलाओं को किया गिरफ्तार
मधेपुरा से पप्पू मेहता की रिपोर्ट
मधेपुरा। जिले के रतवारा थाना क्षेत्र में शादी कराने का झांसा देकर उत्तर प्रदेश के एक युवक को बिहार बुलाने, उसके साथ मारपीट करने और रुपये छीनने का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपितों की पहचान करने में जुटी है।
पीड़ित की पहचान उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के मदनापुर थाना क्षेत्र के राजपुरा गांव निवासी रंजीत (26) के रूप में हुई है। वह ऑटो चलाकर अपना जीवनयापन करता है। बताया गया है कि उसकी पत्नी उसे छोड़ चुकी है और उसके दो बच्चे हैं। इसी दौरान कुछ लोगों ने उसे बिहार में एक लड़की से शादी कराने का भरोसा दिया था।
शादी कराने के नाम पर मांगे 70 से 80 हजार रुपये
पीड़ित रंजीत के अनुसार, रतवारा थाना क्षेत्र की सीता देवी (55), मुरौत गांव की मुन्नी देवी (30) और कुछ अन्य लोगों ने उसे शादी कराने का झांसा दिया। उनके कहने पर वह 16 अक्टूबर को अपने घर से निकला और 18 अक्टूबर को मानसी रेलवे स्टेशन पहुंचा। वहां शंभू पासवान और ऑटो चालक राजा पासवान उसे लेने आए और रतवारा स्थित सीता देवी के घर ले गए।
आरोप है कि रात में उसे शादी के लिए दो-तीन लड़कियां दिखाई गईं। इसके बाद शादी कराने के नाम पर 70 से 80 हजार रुपये की मांग की गई। रंजीत ने इतनी रकम उपलब्ध नहीं होने की बात कही।
15 हजार रुपये के कपड़े खरीदवाने का आरोप
पीड़ित ने आरोप लगाया कि 19 अक्टूबर को उसे बाजार स्थित एक कपड़े की दुकान पर ले जाया गया, जहां करीब 15 हजार रुपये के कपड़े खरीदवाए गए। कपड़ों का भुगतान उससे जबरन कराया गया। उसने मोबाइल के माध्यम से 3,800 रुपये दिए, जबकि शेष राशि नकद चुकाई।
इसके बाद उसे कपसिया दुर्गा पूजा मेला ले जाया गया, जहां उसकी मुलाकात शंभू पासवान से कराई गई। रंजीत का आरोप है कि वहां उससे बार-बार और रुपये की व्यवस्था करने को कहा गया। साथ ही धमकी दी गई कि पैसे दिए बिना उसे वहां से जाने नहीं दिया जाएगा।
मारपीट कर 20 हजार रुपये छीनने का आरोप
रंजीत के मुताबिक, इसी दौरान उसके साथ मारपीट की गई और उसके पास मौजूद करीब 20 हजार रुपये छीन लिए गए। मौका मिलने पर वह किसी तरह वहां से निकलकर रतवारा स्थित पुलिस कैंप पहुंचा। इसके बाद उसे थाने लाया गया, जहां उसने पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।
पीड़ित ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि संबंधित महिला और पुरुष शादी कराने के नाम पर लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं। इसके बाद उन्हें बिहार बुलाकर डराने-धमकाने और रुपये ऐंठने का काम करते हैं। उसने आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई कर न्याय दिलाने की मांग की है।
दो महिलाएं गिरफ्तार, अन्य आरोपितों की तलाश
रतवारा थानाध्यक्ष सुडू कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में सीता देवी और मुन्नी देवी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने और उनकी भूमिका की जांच करने में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।