Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR :पैक्स अध्यक्ष सुनील मंडल गिरफ्तार, सोशल मीडिया पोस्ट से सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का आरोप; मीट फैक्ट्री धरना मामले में भी नामजद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, October 25, 2026

BIHAR :पैक्स अध्यक्ष सुनील मंडल गिरफ्तार, सोशल मीडिया पोस्ट से सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का आरोप; मीट फैक्ट्री धरना मामले में भी नामजद

अररिया में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले पोस्ट के आरोप में पैक्स अध्यक्ष सुनील मंडल गिरफ्तार, एक महीने से चल रहे थे फरार

अररिया में सोशल मीडिया पर कथित तौर पर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाला पोस्ट करने के मामले में फरार चल रहे पैक्स अध्यक्ष सुनील मंडल उर्फ सुनील मुखिया को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सिमराहा थाना पुलिस ने नगर थाना पुलिस के सहयोग से शनिवार को करियात कैंप के समीप छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ 25 सितंबर को सिमराहा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामला दर्ज होने के बाद से ही वह फरार चल रहा था।

गुप्त सूचना के आधार पर हुई गिरफ्तारी

फारबिसगंज एसडीपीओ राजकिशोर कुमार के अनुसार, सुनील मंडल उर्फ सुनील मुखिया के खिलाफ सिमराहा थाना कांड संख्या 331/26 दर्ज है। आरोप है कि उसने सोशल मीडिया पर ऐसा पोस्ट किया था, जिससे सांप्रदायिक भावना आहत होने और सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका थी।

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान पुलिस को उसके ठिकाने के संबंध में गुप्त सूचना मिली। सूचना के आधार पर सिमराहा थाना पुलिस ने नगर थाना पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए शनिवार को करियात कैंप के समीप से उसे गिरफ्तार कर लिया।

मांस फैक्ट्री बंद कराने के लिए धरना देने के मामले में भी नामजद

गिरफ्तार पैक्स अध्यक्ष सुनील मंडल एक अन्य मामले में भी नामजद आरोपी है। यह मामला फारबिसगंज-सिमराहा फोरलेन के पास स्थित मांस फैक्ट्री को बंद कराने की मांग को लेकर बिना अनुमति धरना-प्रदर्शन करने से जुड़ा है।

इस मामले में फारबिसगंज थाना में 10 लोगों को नामजद करते हुए 50 से 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस अब इस मामले में भी आगे की कार्रवाई कर सकती है।

सूत्रों के मुताबिक, फारबिसगंज पुलिस मांस फैक्ट्री बंद कराने के लिए हुए धरना-प्रदर्शन के मामले में सुनील मंडल को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर सकती है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

एसपी ने अफवाह फैलाने वालों को दी चेतावनी

अररिया के एसपी जितेंद्र कुमार ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने और सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाएगी और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

एसपी ने कहा कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय लोगों को जिम्मेदारी बरतनी चाहिए। भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री के प्रसार से सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है। ऐसे मामलों में पुलिस की निगरानी जारी है।

पैक्स अध्यक्ष की गिरफ्तारी के बाद अब मांस फैक्ट्री बंद कराने के लिए हुए धरना-प्रदर्शन से जुड़े मामले में संभावित कार्रवाई पर भी नजर है। फिलहाल, सोशल मीडिया पोस्ट से संबंधित मामले में पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी है।