Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:मंदिरों में चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; एक नाबालिग भी पकड़ा गया - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, October 22, 2026

BIHAR:मंदिरों में चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; एक नाबालिग भी पकड़ा गया

बांका में मंदिरों में चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; एक नाबालिग भी पकड़ा गया

दशहरा मेले के दौरान आधा दर्जन मंदिरों को बनाया था निशाना, दुकानदार के घर से घंटियां और पूजा के बर्तन बरामद

बांका। जिले के शंभूगंज थाना क्षेत्र में दशहरा मेले के दौरान मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने वाले एक दुकानदार के घर से भी चोरी की सामग्री बरामद की है।

गुरुवार को शंभूगंज थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में थानाध्यक्ष प्रभाकर कुमार ने बताया कि दशहरा मेले के दौरान क्षेत्र के करीब आधा दर्जन मंदिरों से पीतल की घंटियां और पूजा-पाठ में इस्तेमाल होने वाले बर्तनों की चोरी की गई थी। इस मामले में शंभूगंज थाना कांड संख्या 327/26, दिनांक 21 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2)/317(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

विशेष टीम गठित कर की गई छापेमारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार और सदर एसडीपीओ अमर विश्वास के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक रामशंकर सिंह के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। डायल 112 के कर्मियों और गश्ती पुलिस से मिली सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए मिर्जापुर से गिरोह के कथित सरगना सावन कुमार उर्फ काजू को गिरफ्तार किया।

इसके बाद वैज्ञानिक अनुसंधान और पारंपरिक पुलिसिया कार्रवाई के जरिए अन्य आरोपितों तक भी पुलिस पहुंची। मामले में कुल तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया है।

मंदिरों की घंटियां और पूजा के बर्तन बरामद

पुलिस ने आरोपितों के पास से चोरी की तीन मंदिरों की घंटियां, कांसे के आठ लोटे, कांसे का एक पैला और तांबे की पांच प्लेट बरामद की हैं। बरामद सामान को जब्त कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, चोरी की सामग्री खरीदने वाले दुकानदार के घर से भी सामान बरामद हुआ है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान करसोप निवासी सावन कुमार उर्फ काजू, मिर्जापुर निवासी दुकानदार पप्पू कुमार साह और जोगनी निवासी मोहम्मद सलमान के रूप में हुई है।

अन्य चोरी की घटनाओं की भी जांच जारी

पुलिस गिरफ्तार आरोपितों के आपराधिक इतिहास का पता लगा रही है। साथ ही क्षेत्र में हुई चोरी की अन्य घटनाओं में उनकी संभावित संलिप्तता की जांच की जा रही है। पुलिस शेष चोरी के सामान की बरामदगी और अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

छापेमारी टीम में पुलिस उपाधीक्षक रामशंकर सिंह, थानाध्यक्ष प्रभाकर कुमार, एसआई आदर्श कुंदन, आदित्य कुमार, शंकर कुमार शर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।