Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:ड्यूटी के दौरान CRPF जवान पमपम कुमार उर्फ अमर का निधन, गांव में पसरा मातम - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, October 18, 2026

BIHAR:ड्यूटी के दौरान CRPF जवान पमपम कुमार उर्फ अमर का निधन, गांव में पसरा मातम

छत्तीसगढ़ में ड्यूटी के दौरान CRPF जवान पमपम कुमार उर्फ अमर का निधन, गांव में पसरा मातम

खगड़िया से दुखद खबर: पेट्रोलिंग के दौरान अचानक चक्कर खाकर गिरे 32 वर्षीय जवान, सैन्य सम्मान के साथ दी जाएगी अंतिम विदाई

खगड़िया। बिहार के खगड़िया जिले के एक वीर सपूत का छत्तीसगढ़ में ड्यूटी के दौरान निधन हो गया। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवान पमपम कुमार उर्फ अमर (32 वर्ष) की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। उनके निधन की खबर मिलते ही पैतृक गांव सोनवर्षा टोला में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मिली जानकारी के अनुसार, पमपम कुमार छत्तीसगढ़ में तैनात थे। रविवार को उनके छोटे भाई हेमंत कुमार ने निधन की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि ड्यूटी के दौरान जवान अपनी टीम के साथ नियमित पेट्रोलिंग पर निकले थे। इसी दौरान अचानक उन्हें तेज चक्कर आया और वे जमीन पर गिर पड़े। साथ मौजूद जवानों ने उन्हें तत्काल संभाला और नजदीकी सैन्य अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दो दिन पहले ही छुट्टी बिताकर लौटे थे ड्यूटी पर

इस घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। बताया जा रहा है कि पमपम कुमार दो दिन पहले ही छुट्टी बिताकर अपने गांव सोनवर्षा टोला से छत्तीसगढ़ स्थित अपनी बटालियन में लौटे थे। घर से जाते समय उन्होंने परिजनों से फिर मिलने आने का वादा किया था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उनकी आखिरी मुलाकात साबित होगी।

खगड़िया जिले के रहीमपुर उत्तरी पंचायत अंतर्गत सोनवर्षा टोला, वार्ड संख्या 15 स्थित उनके पैतृक घर पर मातम पसरा हुआ है। जवान के निधन से उनकी मां, पत्नी और बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की खबर सुनकर ग्रामीणों और आसपास के इलाकों के लोगों की भीड़ शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने पहुंच रही है।

सैन्य सम्मान के साथ दी जाएगी अंतिम विदाई

देश की सेवा में तैनात जवान के असामयिक निधन से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। परिजनों के अनुसार, पमपम कुमार का अंतिम संस्कार सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा। गांव के लोग अपने वीर सपूत के अंतिम दर्शन के इंतजार में हैं।

फिलहाल जवान की मौत के विस्तृत कारणों और चिकित्सकीय जांच से संबंधित जानकारी का इंतजार है। उनके निधन से खगड़िया जिले ने देश की सेवा में समर्पित एक जवान को खो दिया है।