अररिया में पत्थर की आड़ में शराब तस्करी का खुलासा, ट्रक से 4,401 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद; दो गिरफ्तार
कोशी लाइव | अररिया
अररिया जिले में शराब तस्करी के खिलाफ जोकीहाट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था की ड्यूटी के बीच पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर रानी चौक पर वाहन जांच के दौरान 4,401 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की। शराब को 12 चक्का ट्रक पर पत्थर जैसे पदार्थ की आड़ में छिपाकर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने ट्रक चालक और खलासी को गिरफ्तार करने के साथ वाहन को भी जब्त कर लिया है।
सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने प्रेस वार्ता कर कार्रवाई की जानकारी दी। पुलिस अब शराब की खेप के स्रोत, उसके संभावित गंतव्य और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
ट्रक का वजन अधिक देख पुलिस को हुआ संदेह
पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर को गुप्त सूचना और इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर जोकीहाट थाना पुलिस ने रानी चौक पर वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान ट्रक संख्या BR 01GQ 9582 को संदेह के आधार पर रोका गया। ट्रक पर ऊपर से पत्थर और बेडमिसाइल जैसा पदार्थ लदा दिखाई दे रहा था।
लोड किए गए सामान की तुलना में ट्रक का वजन अधिक प्रतीत होने पर पुलिस को संदेह हुआ। इसके बाद वाहन की गहन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक के अंदर से 4,401 लीटर रॉयल मैन्शन गोल्ड व्हिस्की बरामद हुई। पुलिस ने शराब और ट्रक को जब्त कर लिया।
मुजफ्फरपुर के रहने वाले हैं गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने इस मामले में ट्रक चालक कपिल कुमार (27), पिता योगेंद्र सहनी, और खलासी शत्रुघ्न कुमार (22), पिता रामेश्वर सहनी, को गिरफ्तार किया है। दोनों मुजफ्फरपुर जिले के सरैया थाना क्षेत्र स्थित बहिलवारा भूअली उत्तरी गांव के निवासी बताए गए हैं।
इस मामले में जोकीहाट थाना कांड संख्या 423/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने बिहार उत्पाद अधिनियम एवं मद्यनिषेध कानून के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
तस्करी के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि पुलिस शराब तस्करी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है। इसका पता लगाया जा रहा है कि शराब कहां से लाई गई थी, इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था और इस पूरे नेटवर्क में किन अन्य लोगों की भूमिका है।
पुलिस ट्रक में पत्थर जैसे पदार्थ की आड़ में शराब छिपाकर ले जाने के तरीके सहित परिवहन और तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
दो महीने में करीब 19 हजार लीटर शराब जब्त
प्रेस वार्ता में एसडीपीओ ने बताया कि जोकीहाट थाना पुलिस ने अगस्त में करीब 9 हजार लीटर और सितंबर में करीब 10 हजार लीटर शराब बरामद की थी। इस प्रकार दोनों महीनों में करीब 19 हजार लीटर शराब जब्त की गई।
उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल विधि-व्यवस्था की ड्यूटी में तैनात था। इसके बावजूद शराब की इतनी बड़ी खेप बरामद करना पुलिस की महत्वपूर्ण कार्रवाई है।
छापेमारी टीम को पुरस्कृत करने की अनुशंसा
एसडीपीओ सुशील कुमार ने जोकीहाट थानाध्यक्ष राजीव कुमार झा सहित पूरी छापेमारी टीम के कार्यों की सराहना की और टीम को पुरस्कृत करने की अनुशंसा करने की बात कही।
कार्रवाई में जोकीहाट थानाध्यक्ष पुनि राजीव कुमार झा, पुअनि रजनीकांत कुमार, सिपाही राजेंद्र प्रसाद, सिपाही सोनू कुमार, सिपाही राजेश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस का कहना है कि शराब तस्करी में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।