बिहार के कटिहार जिले में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 828 ग्राम स्मैक के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत करीब 80 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिलों को भी जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो पश्चिम बंगाल और एक कटिहार जिले का रहने वाला है।
पुलिस को देखकर भागने लगे तीनों आरोपी
एसडीपीओ विशाल आनंद ने बताया कि मुफ्फसिल थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि दो मोटरसाइकिलों पर सवार कुछ लोग पश्चिम बंगाल से मनिया की ओर स्मैक की खेप लेकर जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सुरतुलसी सड़क के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान मनिया पुल के नीचे दो मोटरसाइकिलों के साथ तीन संदिग्ध लोग खड़े दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही तीनों भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।
तलाशी में 828 ग्राम स्मैक बरामद
पकड़े गए तीनों लोगों की तलाशी लेने पर उनके पास से 828 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने मौके से दोनों मोटरसाइकिलों को भी जब्त कर लिया। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 80 लाख रुपये आंकी गई है।
पश्चिम बंगाल के दो और कटिहार का एक तस्कर गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शमशुल आलम (20), पिता कलीमुद्दीन, निवासी इस्लामपुर, थाना शमशेरगंज, जिला मुर्शिदाबाद (पश्चिम बंगाल); मो. इशारुल (20), पिता मो. रफीक, निवासी मकईया, थाना रतुआ, जिला मालदा (पश्चिम बंगाल) और गोकुल कुमार (32), पिता गोपाल चौरसिया, निवासी सुरतुलसी कॉलेज, थाना मुफ्फसिल, जिला कटिहार के रूप में हुई है।
NDPS एक्ट के तहत आगे की कार्रवाई
इस मामले में मुफ्फसिल थाना में कांड संख्या 415/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर स्मैक की खेप के स्रोत और इसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।