सहरसा जिले में नशे के कारोबार और शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस दौरान 33 लीटर अंग्रेजी शराब और 10 पीस कोरेक्स सिरप बरामद किया है। शराब तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे एक सीएनजी टेम्पू को भी जब्त किया गया है। नवहट्टा थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने कार्रवाई की पुष्टि की है।
पुलिस के अनुसार, नवहट्टा थाना कांड संख्या 196/26 में भारतीय न्याय संहिता के तहत दर्ज मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवहट्टा निवासी जमशेद खान और एहसान खान के रूप में हुई है। दोनों के पिता का नाम स्वर्गीय नूर आलम खां बताया गया है।
वहीं, नवहट्टा थाना कांड संख्या 244/26 में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद (संशोधन) अधिनियम 2018 के तहत कार्रवाई करते हुए चंद्रायण निवासी संदीप कुमार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके पास से 10 पीस कोरेक्स सिरप बरामद किया।
इसके अलावा थाना कांड संख्या 245/26 में पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की। सुपौल की तरफ से आ रहे एक सीएनजी टेम्पू को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान टेम्पू से 750 मिलीलीटर की 44 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई। शराब की कुल मात्रा 33 लीटर बताई गई है।
इस मामले में पुलिस ने सुनील पासवान उर्फ कैला, कन्हैया कुमार और अमित कुमार को गिरफ्तार किया। शराब के साथ सीएनजी टेम्पू को भी जब्त कर लिया गया।
थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि अलग-अलग मामलों में कुल छह लोगों की गिरफ्तारी की गई है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।