सहरसा जिले के सोनवर्षाराज थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने देहद मोड़ के पास नाकाबंदी कर गिट्टी लदे हाईवा और एक बलेनो कार की तलाशी ली। इस दौरान दोनों वाहनों से कुल 2337.84 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। शराब की खेप को पुलिस से बचाने के लिए हाईवा में गिट्टी के नीचे छिपाकर रखा गया था, जबकि कुछ शराब बलेनो कार की डिक्की में रखी गई थी।
मामले में पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। बरामद शराब ओल्ड हैबिट (Old Habit) कंपनी की है, जिसे कुल 261 कार्टन में रखा गया था।
गिट्टी के नीचे छिपाई गई थी 258 कार्टन शराब
सिमरी बख्तियारपुर के एसडीपीओ निशिकांत भारती ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की अहले सुबह करीब चार बजे गुप्त सूचना मिली थी कि माली चौक की ओर से गिट्टी लदे हाईवा में विदेशी शराब की बड़ी खेप लाई जा रही है। सूचना के आधार पर एसडीपीओ के नेतृत्व में सोनवर्षाराज थाना पुलिस ने देहद मोड़ के पास नाकाबंदी की।
इसी दौरान संदिग्ध हाईवा (BR 10 GC 7819) को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान हाईवा के डाला में गिट्टी के नीचे छिपाकर रखी गई ओल्ड हैबिट कंपनी की 258 कार्टन विदेशी शराब बरामद हुई। वहीं, साथ चल रही बलेनो कार की डिक्की की तलाशी लेने पर तीन कार्टन शराब मिली।
इस तरह पुलिस ने दोनों वाहनों से कुल 261 कार्टन में रखी 2337.84 लीटर विदेशी शराब बरामद की। पुलिस ने शराब के साथ हाईवा, बलेनो कार और तीन मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए।
सुपौल और मधेपुरा के तीन तस्कर गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सुपौल जिले के जदिया थाना क्षेत्र के मानगंज निवासी दिनेश कुमार भगत, कोरियापट्टी निवासी मदन कुमार तथा मधेपुरा जिले के कुमारखंड थाना क्षेत्र के गढ़िया निवासी मनीष कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। साथ ही तस्करी के इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
थाना कांड संख्या 219/26 दर्ज
इस मामले में सोनवर्षाराज थाना कांड संख्या 219/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी दल में एसडीपीओ निशिकांत भारती, सोनवर्षाराज थानाध्यक्ष नागमणि कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक मुकेश कुमार सिंह, प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक सुमन कुमार, डीआईयू टीम और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस की इस कार्रवाई को शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। गिट्टी की आड़ में शराब की इतनी बड़ी खेप ले जाने का तरीका तस्करों की सुनियोजित रणनीति को दर्शाता है।