Kosi Live-कोशी लाइव सुपौल में 235 किलो गांजा बरामद, नदी पार पलार में छिपाकर रखे थे 8 पैकेट; ड्रोन से निगरानी के बावजूद तस्कर फरार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, October 7, 2026

सुपौल में 235 किलो गांजा बरामद, नदी पार पलार में छिपाकर रखे थे 8 पैकेट; ड्रोन से निगरानी के बावजूद तस्कर फरार

सुपौल में 235 किलो गांजा बरामद, नदी पार पलार में छिपाकर रखे थे 8 पैकेट; ड्रोन से निगरानी के बावजूद तस्कर फरार

सुपौल। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) वीरपुर और बिहार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सीमा चौकी सिमरीघाट क्षेत्र में संयुक्त टीम ने नदी के पार पलार इलाके में छिपाकर रखा करीब 235 किलोग्राम गांजा बरामद किया। गांजा आठ पैकेटों में रखा हुआ था। हालांकि, तलाशी अभियान और ड्रोन से निगरानी के बावजूद मौके से किसी संदिग्ध की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।

सीमा स्तंभ के पास संदिग्ध सामान छिपे होने की मिली सूचना

जानकारी के अनुसार, सीमा स्तंभ संख्या 226/16 के समीप भारतीय क्षेत्र की ओर नदी पार पलार इलाके में कुछ संदिग्ध सामान छिपाकर रखे जाने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद 45वीं वाहिनी SSB की सीमा चौकी सिमरीघाट के जवानों और भपटियाही थाना पुलिस की संयुक्त विशेष गश्ती टीम को तत्काल मौके पर भेजा गया।

इलाके की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरे का भी इस्तेमाल किया गया। इसके बाद संयुक्त टीम ने संबंधित क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया।

आठ पैकेटों में मिला 235 किलो गांजा

तलाशी के दौरान नदी क्षेत्र में छिपाकर रखे गए आठ पैकेट बरामद किए गए। जांच करने पर पैकेटों में गांजा पाया गया, जिसका कुल वजन करीब 235 किलोग्राम बताया गया।

बरामदगी के बाद टीम ने आसपास के इलाके में भी तलाशी अभियान चलाया। ड्रोन के जरिए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई, लेकिन किसी व्यक्ति की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।

बरामद गांजा भपटियाही थाना पुलिस को सौंपा

नियमानुसार आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बरामद गांजे को भपटियाही थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान 45वीं वाहिनी SSB के सहायक उप निरीक्षक अमृतलाल सहित भपटियाही थाना पुलिस के जवान मौजूद रहे।

सीमा क्षेत्र में अभियान जारी रखने की बात

45वीं वाहिनी SSB के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए लगातार सतर्कता बरती जा रही है। सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

Kosi Live की रिपोर्ट