Kosi Live-कोशी लाइव लाइक, व्यूज के लिए मधेपुरा के वीडियो को जमुई-समस्तीपुर से जोड़ा; SP ने कई यूजर को भेजा नोटिस - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, September 24, 2026

लाइक, व्यूज के लिए मधेपुरा के वीडियो को जमुई-समस्तीपुर से जोड़ा; SP ने कई यूजर को भेजा नोटिस

जमुई और समस्तीपुर के बाद मधेपुरा के स्कूल के बाह का एक वीडियो चर्चा में है। इसे जमुई और समस्तीपुर में नाबालिग लड़कियों से छेड़खानी से जोड़कर देखा गया। मधेपुरा एसपी ने इस पर आपत्ति जताई है।पुलिस ने कई ऐसे लोगों को नोटिस भेजा है जिन्होंने इस वीडियो को शेयर किया। पुलिस ने वीडियो को भ्रामक कैप्शन और डिस्क्रिप्शन के साथ प्रसारित करने का आरोप लगा है।

जिले के उदाकिशुनगंज अनुमंडल क्षेत्र के उदा उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय के बाहर छात्र-छात्राओं के बीच विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर पुलिस हरकत में आ गई। एसपी संदीपी सिंह ने गुरुवार को मौके पर पहुंच कर पूरे मामले की तहकीकात की। उन्होंने बताया कि उदा उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय के बाहद छात्राओं के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ की घटना नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचना प्रसारित करने के मामले में कुछ लोगों को नोटिस भेजा गया है। नाबालिग बच्चों के विवाद मामले में कुछ बच्चों को जेजे एक्ट के तहत नोटिस भेजा गया है।पुलिस की ओर से वायरल वीडियो 22 सितंबर का बताया गया है। विद्यालय में अर्द्धवार्षिक परीक्षा की प्रथम पाली समाप्त होने के बाद छात्र- छात्राओं के घर जाने के दौरान का वीडियो बताया गया है। उदाकिशुनगंज एसडीपीओ पवन कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस के सत्यापन में सामने आया कि परीक्षा खत्म होने के बाद छात्र-छात्राएं घर लौट रहे थे। इसी दौरान स्कूल के बाहर सड़क पर एक युवक मोटरसाइकिल लगाकर खड़ा था। कुछ छात्रों को उसके किसी छात्रा से मिलने आने का संदेह हुआ, जिसके बाद नाबालिग छात्रों ने उससे पूछताछ शुरू कर दी। इसी बीच अन्य छात्र-छात्राएं भी मौके पर पहुंच गए और आपस में बहस होने लगी।

मामले की सूचना मिलते ही विद्यालय के शिक्षक मौके पर पहुंचे और सभी छात्र-छात्राओं को समझाकर वहां से हटा दिया। एसडीपीओ के मुताबिक, वीडियो में दिखाई दे रहे सभी छात्र-छात्राएं नाबालिग हैं। उनकी पहचान कर ली गई है और उनके परिजनों को नोटिस दिया गया है। मामले में किशोर न्याय अधिनियम के तहत अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।एसपी संदीप सिंह ने बताया कि नाबालिग बच्चों के बीच बाइक से चाबी निकालने और धक्की मुक्की की घटना हुई थी। छात्राओं के साथ छेड़छाड़ जैसी कोई घटना नहीं हुई है। मात्र लाइक और व्यूज बटोरने के लिए कुछ सोशल मीडिया हेंडल द्वारा उस घटना को जमुई और समस्तीपुर की घटना से जोड़ कर भ्रामक खबर प्रसारित की गयी है। इस मामले में कुछ लोगों को नोटिस भेजा गया है।

एसपी ने बताया कि नाबालिग बच्चों को जेजे एक्ट के तहत नोटिस भेजा गया है। उनके अभिभावकों को घटना को लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो को गलत तरीके से प्रसारित कर भ्रम फैलाने की कोशिश की जा रही है। वीडियो को गलत मंशा से प्रसारित करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ भी विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।