Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:महिला सिपाही का SI पर 9 साल तक संबंध बनाने और शादी से इनकार करने का आरोप, गर्भवती होने पर अबॉर्शन की दवा देने का दावा - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, September 8, 2026

BIHAR:महिला सिपाही का SI पर 9 साल तक संबंध बनाने और शादी से इनकार करने का आरोप, गर्भवती होने पर अबॉर्शन की दवा देने का दावा

महिला सिपाही का SI पर 9 साल तक संबंध बनाने और शादी से इनकार करने का आरोप, गर्भवती होने पर अबॉर्शन की दवा देने का दावा

मुंगेर। मुंगेर में तैनात एक महिला पुलिसकर्मी ने पटना पुलिस कार्यालय में पेंशन शाखा प्रभारी के पद पर तैनात सब इंस्पेक्टर (SI) दिनेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला सिपाही का आरोप है कि SI ने शादी का भरोसा देकर करीब 9 साल तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन बाद में शादी करने से इनकार कर दिया। महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि गर्भवती होने पर उसे गर्भपात की दवा दी गई, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई।

पीड़िता ने सोमवार को मुंगेर महिला थाने में आवेदन देकर SI दिनेश कुमार और उनके भाई भूपेश कुमार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने मारपीट, धमकी देने और कथित तौर पर फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने के भी आरोप लगाए हैं। पुलिस ने आवेदन के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

2015 में हुई थी महिला सिपाही की नियुक्ति

महिला पुलिसकर्मी के अनुसार, वर्ष 2015 में उसकी नियुक्ति नवादा में सिपाही के पद पर हुई थी। उस समय दिनेश कुमार बिहार पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष थे, इसलिए वह उन्हें पहले से जानती थी। महिला का कहना है कि अक्टूबर 2017 से दिनेश कुमार फोन और WhatsApp के माध्यम से उससे लगातार बातचीत करने लगे।

महिला के मुताबिक, जनवरी 2018 में दिनेश कुमार ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाए। इसके बाद दोनों के बीच संबंध जारी रहे, लेकिन शादी नहीं हुई।

गर्भवती होने पर शादी का दबाव बनाया

शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि वर्ष 2019 में वह गर्भवती हो गई। इसके बाद उसने दिनेश कुमार पर शादी करने का दबाव बनाया। महिला के अनुसार, इस दौरान SI ने बताया कि वह पहले से शादीशुदा है और तलाक लेने के बाद उससे शादी करेगा।

महिला का आरोप है कि बाद में दोनों के बीच विवाद हुआ और उसे गर्भपात की दवा दी गई। दवा खाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे इलाज कराना पड़ा।

दोस्तों के जरिए शादी कहीं और करने का मैसेज भेजने का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि जब उसने शादी के लिए लगातार दबाव बनाया तो दिनेश कुमार ने सीधे बात करने के बजाय अपने दोस्तों के माध्यम से उसे संदेश भिजवाया कि वह किसी और से शादी कर ले। कथित तौर पर उसे यह भी कहा गया कि उसकी शादी का पूरा खर्च दिनेश कुमार उठाएंगे।

हालांकि, महिला का कहना है कि वह आरोपी SI के साथ ही शादी करना चाहती है और इसी मांग पर अड़ी हुई है।

फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी का भी आरोप

महिला पुलिसकर्मी ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि SI के मोबाइल में उसके कुछ फोटो और वीडियो मौजूद हैं। आरोप है कि इन्हीं फोटो-वीडियो को लेकर उसे धमकाया जाता था।

महिला के मुताबिक, उसे धमकी दी गई कि अगर उसने आरोपी की बात नहीं मानी तो उसके फोटो और वीडियो वायरल कर दिए जाएंगे, जिसके बाद वह किसी को मुंह दिखाने लायक नहीं रहेगी।

पीड़िता ने दावा किया कि इन घटनाओं के बाद वर्ष 2019 में वह मानसिक तनाव में चली गई। उसने नींद नहीं आने, अचानक घबराहट, बेचैनी और डर जैसी परेशानियां होने की बात कही है। महिला के अनुसार, उसका इलाज अभी भी चल रहा है।

गांधी मैदान के पास मारपीट का भी आरोप

महिला ने पुलिस को दिए आवेदन में मार्च की घटना का भी जिक्र किया है। उसके अनुसार, बीते 4 और 5 मार्च को वह पटना के सरकारी आवास, गांधी मैदान गेट नंबर-5 के पास दिनेश कुमार से मिलने गई थी। वहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ।

महिला का आरोप है कि इस दौरान दिनेश कुमार ने उसका मोबाइल फोन ले लिया और उसमें मौजूद डेटा को फॉर्मेट कर दिया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई।

SSP कार्यालय के बाहर भी बदसलूकी का आरोप

पीड़िता के अनुसार, 29 अगस्त को वह पटना एसपी कार्यालय में SSP से मिलने गई थी। उस समय दिनेश कुमार कार्यालय में मौजूद थे। महिला का आरोप है कि उसे देखकर SI ने उसके साथ बदसलूकी की।

महिला ने आगे आरोप लगाया कि कार्यालय से लौटने के दौरान गांधी मैदान के पास दिनेश कुमार और उनके भाई भूपेश कुमार ने उसके साथ कथित तौर पर बदसलूकी और मारपीट की। इस घटना में उसकी उंगली में गहरा जख्म आने का दावा किया गया है।

महिला थाने में केस दर्ज, जांच जारी

मुंगेर महिला थानाध्यक्ष कीर्ति कुमारी ने बताया कि महिला पुलिसकर्मी की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई और जांच की जा रही है।

पुलिस अब महिला की ओर से लगाए गए आरोपों, उपलब्ध साक्ष्यों और संबंधित घटनाओं की जांच करेगी। फिलहाल आरोपी SI दिनेश कुमार और उनके भाई भूपेश कुमार पर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।