मधेपुरा में स्कूल के बाहर छात्रा से मिलने पहुंचे युवक को ग्रामीणों ने घेरा, जमकर हंगामा; वीडियो वायरल
उदाकिशुनगंज। बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा से बदसलूकी का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ है कि मधेपुरा के उदाकिशुनगंज से स्कूल के बाहर हुए हंगामे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि परीक्षा देने पहुंची एक छात्रा से मिलने एक युवक स्कूल के बाहर पहुंचा था। स्थानीय छात्रों और ग्रामीणों ने युवक को घेर लिया। इसके बाद मौके पर बहस, धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू हो गई।
पूरा मामला उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र के अपग्रेड हाई स्कूल उदा के आसपास का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, इन दिनों स्कूल में अर्धवार्षिक परीक्षा चल रही है। इसी दौरान मोटरसाइकिल से एक युवक स्कूल के बाहर पहुंचा और मधुबन पंचायत की रहने वाली एक छात्रा से मिलने लगा।
स्थानीय लोगों और छात्रों ने आरोप लगाया कि युवक और छात्रा स्कूल से कुछ दूरी पर झाड़ियों के पास बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान कुछ युवकों ने दोनों को देख लिया और युवक को घेरकर पूछताछ शुरू कर दी। मामला बढ़ने पर भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने युवक की बाइक की चाबी निकाल ली। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद और हाथापाई शुरू हो गई।
वायरल वीडियो में छात्रा का जवाब- 'क्या कर लोगे?'
घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने मोबाइल से वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ युवक छात्रा से सवाल करते हुए नजर आ रहे हैं कि वह परीक्षा देने आई है या लड़के से मिलने। इस दौरान छात्रा की ओर से भी तीखे अंदाज में जवाब दिए जाने की बात सामने आ रही है।
बाइक की चाबी को लेकर विवाद बढ़ने के बाद मौके पर मौजूद लोगों के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई होती दिखाई देती है। हंगामा बढ़ता देख कुछ महिलाएं भी मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव करती नजर आती हैं।
स्कूलों के बाहर सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में चिंता
घटना के बाद स्थानीय अभिभावकों और ग्रामीणों ने स्कूलों के आसपास छात्राओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि परीक्षा और छुट्टी के समय कई स्कूलों के बाहर युवकों के जमावड़े की शिकायतें सामने आती रहती हैं। ऐसे में स्कूलों के आसपास पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ाने की मांग की जा रही है।
हालांकि, वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे घटनाक्रम और स्थानीय लोगों द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। छात्रा और युवक की उम्र तथा उनके बीच संबंध को लेकर भी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
स्कूल प्रशासन और पुलिस ने जताई अनभिज्ञता
मामले को लेकर विद्यालय के प्रधानाध्यापक रविंद्र कुमार ने बताया कि स्कूल परिसर के अंदर ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। स्कूल परिसर के बाहर क्या हुआ, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने वायरल वीडियो नहीं देखा है।
वहीं, उदाकिशुनगंज थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार के अनुसार, घटना को लेकर थाने में फिलहाल कोई सूचना या लिखित शिकायत नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी लेकर जांच की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस की जांच और आधिकारिक शिकायत के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रही घटना की वास्तविक स्थिति क्या थी।