Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA:घैलाढ़ में सूखा नशा के खिलाफ ग्रामीणों ने खोला मोर्चा, बैठक कर लिया नशा मुक्ति अभियान का संकल्प - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, September 7, 2026

MADHEPURA:घैलाढ़ में सूखा नशा के खिलाफ ग्रामीणों ने खोला मोर्चा, बैठक कर लिया नशा मुक्ति अभियान का संकल्प

घैलाढ़ में सूखा नशा के खिलाफ ग्रामीणों ने खोला मोर्चा, बैठक कर लिया नशा मुक्ति अभियान का संकल्प

घैलाढ़/पप्पू मेहता की रिपोर्ट (मधेपुरा)। घैलाढ़ प्रखंड क्षेत्र में युवाओं के बीच बढ़ते सूखा नशे के खिलाफ ग्रामीणों और किसानों ने अब अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। सोमवार की शाम श्रीनगर पंचायत के मेहता टोला कमलपुर स्थित बजरंगबली स्थान के प्रांगण में ग्रामीणों और किसानों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सूखा नशे के बढ़ते प्रचलन पर चिंता जताते हुए इसके खिलाफ सामूहिक रूप से आवाज बुलंद करने का संकल्प लिया गया।

बैठक की अध्यक्षता स्थानीय निवासी एवं बीएन मंडल विश्वविद्यालय के पूर्व रजिस्ट्रार प्रो. (डॉ.) दीनानाथ मेहता ने की, जबकि संचालन किसान सलाहकार संघ, मधेपुरा के जिला प्रवक्ता राजेश कुमार पप्पू ने किया। इस दौरान ग्रामीणों ने नशे के खिलाफ नारेबाजी करते हुए युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाने की बात कही।

देर से सही, लेकिन पूरी मुस्तैदी से चलेगा अभियान

पूर्व रजिस्ट्रार प्रो. (डॉ.) दीनानाथ मेहता ने कहा कि नशा मुक्ति का अभियान काफी पहले शुरू हो जाना चाहिए था। हालांकि, देर से ही सही, अब ग्रामीण पूरी मुस्तैदी के साथ इस अभियान को सफल बनाने का संकल्प ले रहे हैं। उन्होंने नशा करने वाले युवाओं के साथ-साथ नशीले पदार्थों के कारोबार में शामिल लोगों को भी सख्त चेतावनी दी।

उन्होंने कहा कि युवाओं के पास अभी खुद को संभालने का समय है। समय रहते नशे की लत नहीं छोड़ी गई तो इसके गंभीर दुष्परिणाम सामने आ सकते हैं। उन्होंने लोगों से नशे के खिलाफ एकजुट होकर काम करने की अपील की।

परिवार और समाज पर पड़ रहा बुरा असर

समाजसेवी एवं किसान सलाहकार राजेश कुमार पप्पू तथा समाजसेवी विशेश्वर मेहता ने सूखा नशे से होने वाले दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों की बढ़ती प्रवृत्ति से कई परिवार प्रभावित हो रहे हैं। युवाओं का भविष्य खराब होने के साथ-साथ इसका असर पूरे समाज पर पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ केवल प्रशासनिक कार्रवाई ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि समाज के लोगों को भी आगे आकर जागरूकता अभियान चलाना होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि नशा करने वाले और नशीले पदार्थों के कारोबार से जुड़े लोग समय रहते नहीं संभले तो भविष्य में समाज की ओर से उनका सामाजिक बहिष्कार करने पर भी विचार किया जाएगा।

महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

बैठक में मंदिर के पुजारी पंकज बाबा ने भी सूखा नशे के खिलाफ अपनी बात रखी और युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। बैठक के दौरान दर्जनों महिलाओं ने भी नशे के खिलाफ नारेबाजी कर अभियान का समर्थन किया।

ग्रामीणों ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए गांव स्तर पर लगातार जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। साथ ही नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए प्रशासन का सहयोग लेने की बात भी कही गई।

ये लोग रहे मौजूद

बैठक में सेवानिवृत्त सचिव राजेंद्र मेहता, अनिल मेहता, संतोष मेहता, अरुण मेहता, प्रमोद मेहता, प्रदीप मेहता, दिलीप मेहता, रामदेव मेहता, नागेश्वर मेहता, सत्यनारायण मेहता, शिवकुमार मेहता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और किसान मौजूद रहे। बैठक में शामिल लोगों ने एकजुट होकर क्षेत्र को नशामुक्त बनाने की दिशा में काम करने का संकल्प लिया।