मुरलीगंज में 52.67 ग्राम स्मैक के साथ दो गिरफ्तार: वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने पकड़ा, बाइक और दो मोबाइल बरामद
मधेपुरा जिले में अवैध आग्नेयास्त्र, मादक पदार्थ, शराब की बरामदगी तथा फरार और वांछित सक्रिय अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना एवं कोशी क्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक के निर्देश पर जिले के सभी थाना और ओपी क्षेत्रों में कार्रवाई तेज की गई है।
इसी अभियान के तहत 16 सितंबर 2026 को मुरलीगंज थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर वाहन जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, हीरो एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रोककर जांच की गई। तलाशी के दौरान उनके पास से 52.67 ग्राम अवैध स्मैक बरामद किया गया।
पुलिस ने मौके से आशीष कुमार (28 वर्ष), पिता अर्जुन यादव, निवासी बेलोकला वार्ड नंबर-09 और बाबुल कुमार (19 वर्ष), पिता पलटन यादव, निवासी बेलोडीह वार्ड नंबर-03, थाना मुरलीगंज, जिला मधेपुरा को गिरफ्तार किया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने स्मैक के अलावा हीरो एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल (निबंधन संख्या BR-43H-5827) और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किए।
मामले में मुरलीगंज थाना कांड संख्या 532/26, दिनांक 16 सितंबर 2026, के तहत धारा 8(सी)/21(बी) एनडीपीएस एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों आरोपितों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।
छापेमारी दल में मुरलीगंज थानाध्यक्ष पु०नि० अकमल हुसैन, पु०अ०नि० अजय कुमार, प्र०पु०अ०नि० देबन शर्मा, स०अ०नि० विश्वनाथ प्रसाद, अंचलाधिकारी मुरलीगंज सहित थाना के सशस्त्र बल और चौकीदार शामिल रहे।
पुलिस ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।