Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA:20 हजार रुपए के लेन-देन को लेकर दो दोस्तों में विवाद, सिक्सर से चली गोली; युवक के गले में लगी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, September 30, 2026

MADHEPURA:20 हजार रुपए के लेन-देन को लेकर दो दोस्तों में विवाद, सिक्सर से चली गोली; युवक के गले में लगी

20 हजार रुपए के लेन-देन को लेकर दो दोस्तों में विवाद, सिक्सर से चली गोली; युवक के गले में लगी, मेडिकल कॉलेज में भर्ती

मधेपुरा। भर्राही थाना क्षेत्र के धुरगांव में 20 हजार रुपए के लेन-देन को लेकर दो दोस्तों के बीच विवाद के दौरान गोली चलने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने अपने दोस्त को सिक्सर से गोली मार दी। गोली युवक के गले के बाएं हिस्से में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

घायल युवक की पहचान भतनी थाना क्षेत्र के बरहकुरवा वार्ड-12 निवासी सचित यादव के पुत्र राहुल कुमार (21) के रूप में हुई है। घटना के बाद आरोपी युवक बाइक से मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।

एक दिन पहले मामा के घर पहुंचे थे दोनों दोस्त

इलाजरत राहुल कुमार ने बताया कि घटना से एक दिन पहले दोपहर करीब 3 बजे वह बरहकुरवा वार्ड-14 निवासी बालेश्वर शर्मा के पुत्र अखिलेश कुमार (19) के साथ अपने मामा मिथलेश शर्मा के घर धुरगांव गया था। दोनों ने रात में वहीं रुककर बाहर कमाने जाने की योजना बनाई थी।

राहुल के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे अखिलेश कुमार हाथ में सिक्सर लेकर उसके सामने उसे दिखा रहा था। राहुल ने उसे बंदूक नहीं चलाने के लिए कहा था, क्योंकि उसे गोली चलने की आशंका थी।

गोली लगते ही गला पकड़कर जमीन पर गिरा

राहुल का आरोप है कि इसी दौरान अखिलेश ने सिक्सर से गोली चला दी। गोली उसके गले के बाएं हिस्से में जा लगी। गोली लगते ही राहुल गला पकड़कर मौके पर गिर पड़ा और उसके गले से खून बहने लगा।

राहुल के मुताबिक, गोली चलने के बाद अखिलेश उसे घायल अवस्था में मौके पर छोड़कर बाइक से फरार हो गया। राहुल को घायल अवस्था में देखकर उसके मामा मिथलेश शर्मा ने उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया।

गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर

सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने राहुल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल मेडिकल कॉलेज में उसका इलाज चल रहा है।

20 हजार रुपए के लेन-देन की बात सामने आई

भर्राही थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि 20 हजार रुपए के लेन-देन को लेकर गोलीबारी की घटना की जानकारी मिली है। दोनों युवक आपस में दोस्त बताए जा रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

पुलिस घटना के कारणों, गोली चलने की परिस्थितियों और आरोपी युवक की भूमिका की जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई की जा रही है।