Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA:थाने से 100 मीटर दूर धू-धू कर जली कार, अंदर मिली 61 लीटर विदेशी शराब; ग्रामीणों ने लूटने की कोशिश की - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, September 20, 2026

MADHEPURA:थाने से 100 मीटर दूर धू-धू कर जली कार, अंदर मिली 61 लीटर विदेशी शराब; ग्रामीणों ने लूटने की कोशिश की

फुलौत में थाने से 100 मीटर दूर धू-धू कर जली कार, अंदर मिली 61 लीटर विदेशी शराब; ग्रामीणों ने लूटने की कोशिश की

मधेपुरा। चौसा प्रखंड के फुलौत थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब थाना से महज करीब 100 मीटर दूर पंचायत सरकार भवन के पास एक झारखंड नंबर की कार अचानक धू-धू कर जलने लगी। आग की लपटें देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। कार की जांच करने पर उसमें विदेशी शराब की पेटियां और बोतलें मिलीं।

कार का नंबर जेएच-10 एएन-0507 बताया गया है। आग लगने के बाद कार लगभग पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही फुलौत थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

शराब की बोतलें निकालने लगे ग्रामीण

कार में आग लगने की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। कार के अंदर शराब की बोतलें देखकर कुछ लोग उन्हें निकालने लगे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शराब ले जा रहे ग्रामीणों को मौके से हटाया। जिन लोगों ने शराब की बोतलें निकाल ली थीं, उनसे भी पुलिस ने शराब वापस बरामद कर ली।

इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल को घेर लिया और दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार का अधिकांश हिस्सा जल चुका था।

जली कार से 61 लीटर विदेशी शराब बरामद

आग बुझने के बाद पुलिस ने कार की डिक्की और सीटों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को शराब की बड़ी खेप मिली। पुलिस के अनुसार, कार से 750 एमएल की 81 बोतलों समेत कुल करीब 61 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है।

पुलिस ने शराब और जली हुई कार को जब्त कर लिया है। अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे फुलौत क्षेत्र में किसके पास पहुंचाया जाना था।

धनबाद नंबर की कार, मालिक की पहचान में जुटी पुलिस

फुलौत के प्रभारी थानाध्यक्ष सौरभ कुमार के अनुसार, जब्त कार झारखंड के धनबाद जिले में पंजीकृत है। वाहन के मालिक की पहचान के लिए जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) के माध्यम से वाहन के रजिस्ट्रेशन और चेचिस नंबर की जांच कराई जा रही है।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वाहन में शराब की खेप लेकर कौन लोग आ रहे थे और आग लगने के बाद वे मौके से कैसे फरार हुए।

शॉर्ट सर्किट या साजिश, दोनों पहलुओं पर जांच

कार में आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी या जानबूझकर आग लगाई गई, पुलिस इसकी भी जांच कर रही है। इसके साथ ही पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप झारखंड से किस रास्ते मधेपुरा पहुंची और स्थानीय स्तर पर इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।

फिलहाल पुलिस ने शराब और वाहन को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद ही शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क और कार में आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

कोशी लाइव | मधेपुरा से पप्पू मेहता की रिपोर्ट
नई सोच, नई खबर