मुजफ्फरपुर सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी को अमेरिका में मिलेगा ‘द एशियन हीरो अवार्ड’
मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर के सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी को अमेरिका में ‘द एशियन हीरो अवार्ड’ से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उन्हें 13 दिसंबर 2026 को अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित टाम्पा में आयोजित होने वाले सातवें वर्ल्ड फेयर एंड फेस्ट-2026 के दौरान दिया जाएगा।
आयोजक संस्था एसोसिएशन ऑफ वर्ल्ड फेयर एंड फेस्ट यूएसए इंक. की ओर से जारी पत्र में मोहिबुल्लाह अंसारी को उत्कृष्ट लोकसेवा, नेतृत्व, ईमानदारी और समाज कल्याण के क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित किए जाने की बात कही गई है।
13 दिसंबर को टाम्पा में होगा समारोह
सम्मान समारोह Sheraton Tampa Brandon Hotel में आयोजित किया जाएगा। आयोजकों की ओर से मोहिबुल्लाह अंसारी को कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए आमंत्रित भी किया गया है।
आयोजकों के अनुसार, सम्मान के लिए उनके पुलिस सेवा में योगदान, नेतृत्व क्षमता और समाज के प्रति किए गए कार्यों को आधार बनाया गया है। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों और विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की उम्मीद है।
प्री-बोर्ड में खराब प्रदर्शन के बाद बदली जिंदगी
मोहिबुल्लाह अंसारी मूल रूप से बिहार के सीवान जिले के रहने वाले हैं। उनकी पढ़ाई और यूपीएससी तक पहुंचने की कहानी भी प्रेरणादायक रही है। 10वीं और 12वीं के प्री-बोर्ड में उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। इसी दौरान पिता की एक बात ने उन्हें पढ़ाई के प्रति गंभीर होने के लिए प्रेरित किया।
रिजल्ट खराब आने पर उनके पिता ने नाराजगी जताते हुए कहा था, “IIT जाने का सपना देख रहे हो, पहले पास होने लायक नंबर तो लेकर आओ।”
इसके बाद उन्होंने मेहनत शुरू की और JEE Main तथा JEE Advanced की परीक्षा पास कर वर्ष 2011 में IIT दिल्ली में केमिकल इंजीनियरिंग में बीटेक में दाखिला लिया।
कॉरपोरेट नौकरी छोड़ UPSC की तैयारी
IIT दिल्ली से पढ़ाई पूरी करने के बाद मोहिबुल्लाह अंसारी ने कॉरपोरेट क्षेत्र में नौकरी शुरू की। हालांकि कुछ समय बाद उन्होंने नौकरी छोड़कर सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी करने का फैसला लिया।
उन्होंने वर्ष 2015 में दिल्ली जाकर UPSC की तैयारी शुरू की। शुरुआती प्रयासों में सफलता नहीं मिली। लगातार तीन असफलताओं के बावजूद उन्होंने तैयारी जारी रखी।
आखिरकार वर्ष 2021 में UPSC सिविल सेवा परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 381 हासिल कर उन्होंने भारतीय पुलिस सेवा में अपना स्थान बनाया।
वर्तमान में मुजफ्फरपुर के सिटी एसपी
मोहिबुल्लाह अंसारी वर्तमान में मुजफ्फरपुर के सिटी एसपी के पद पर तैनात हैं। अमेरिका में प्रस्तावित ‘द एशियन हीरो अवार्ड’ के लिए उनका चयन पुलिस सेवा, नेतृत्व और लोकसेवा से जुड़े योगदान के संदर्भ में किया गया है।
उनके संघर्ष और सफलता की कहानी यह दर्शाती है कि शुरुआती असफलताओं के बावजूद लगातार प्रयास और मेहनत से लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
कोशी लाइव | नई सोच नई खबर
मुजफ्फरपुर