Kosi Live-कोशी लाइव EOU Raid: परिवहन ESI के पास पटना से दिल्ली तक 16 प्रॉपर्टी, 1.49 करोड़ की संपत्ति; दार्जिलिंग में बेटा, कोटा में बेटी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, September 30, 2026

EOU Raid: परिवहन ESI के पास पटना से दिल्ली तक 16 प्रॉपर्टी, 1.49 करोड़ की संपत्ति; दार्जिलिंग में बेटा, कोटा में बेटी

परिवहन विभाग के SI के ठिकानों पर EOU की रेड, 3 लाख कैश और 11 प्लॉट-फ्लैट के दस्तावेज मिले; 30 लाख से ज्यादा निवेश का पता

पटना/आरा। आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में परिवहन विभाग के प्रवर्तन अवर निरीक्षक अमित कुमार गुप्ता के पटना और आरा स्थित ठिकानों पर छापेमारी की। अमित कुमार गुप्ता वर्तमान में कैमूर के मोहनिया चेकपोस्ट पर तैनात हैं। तलाशी के दौरान 3 लाख रुपये नकद, जमीन-मकान और फ्लैट से जुड़े दस्तावेज, बैंक खातों की जानकारी और निवेश से संबंधित रिकॉर्ड बरामद किए गए हैं।

EOU के अनुसार, प्रारंभिक जांच में अमित कुमार गुप्ता की ज्ञात वैध आय से 1 करोड़ 49 लाख 58 हजार 500 रुपये अधिक की संपत्ति अर्जित किए जाने के साक्ष्य मिले हैं। एजेंसी के मुताबिक, यह राशि उनकी ज्ञात आय से करीब 148.10 प्रतिशत अधिक है।

आरा के घर से 3 लाख रुपये नकद बरामद

EOU टीम ने भोजपुर जिले के अवधपुरी स्थित अमित कुमार गुप्ता के निजी आवास की तलाशी ली। मकान चंदवा मोड़ के पास बताया गया है। तलाशी के दौरान यहां से 3 लाख रुपये नकद और एक टाटा टियागो इलेक्ट्रिक कार मिली। जमीन की खरीद से जुड़े कई दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

11 प्लॉट और फ्लैट के दस्तावेज मिले

जांच एजेंसी के अनुसार, अमित कुमार गुप्ता और उनके परिजनों के नाम पर अलग-अलग जिलों में जमीन खरीदे जाने की जानकारी सामने आई है। तलाशी में आरा, पटना और छपरा में 11 भू-खंड खरीदे जाने से संबंधित दस्तावेज मिले हैं।

इसके अलावा अवधपुरी में G+3 मकान और आरा में करीब 5.1 डिसमिल जमीन पर निर्माणाधीन मकान की जानकारी भी जांच में सामने आई है। पटना के साई वरदान सिटी में एक फ्लैट से संबंधित दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं।

नोएडा और दिल्ली में निवेश के कागजात

EOU को बिहार के बाहर किए गए निवेश से संबंधित दस्तावेज भी मिले हैं। इनमें नोएडा की इम्पेरिया इन्फ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड और नई दिल्ली की ऐरविल बिजनेस पार्क प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े फ्लैट और जमीन में निवेश के कागजात शामिल हैं।

15 बैंक खातों की जानकारी, एक लॉकर भी मिला

तलाशी के दौरान अलग-अलग बैंकों में मौजूद 15 खातों से संबंधित पासबुक और चेकबुक की प्रतियां मिली हैं। EOU के अनुसार, इन खातों में मौजूद राशि को फ्रीज कराने की कार्रवाई की गई है। हालांकि, खातों में कुल कितनी रकम थी, इसका विस्तृत आंकड़ा अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है।

जांच टीम को एक बैंक लॉकर की भी जानकारी मिली है, जिसकी तलाशी अभी बाकी है। ऐसे में आगे की जांच में और बरामदगी होने की संभावना है।

शेयर-म्यूचुअल फंड में 30 लाख से ज्यादा निवेश

EOU के मुताबिक, अमित कुमार गुप्ता के शेयर और म्यूचुअल फंड में 30 लाख रुपये से अधिक के निवेश से जुड़े दस्तावेज मिले हैं। इसके अलावा LIC से संबंधित सात दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं, जिनमें 10 लाख रुपये से अधिक के निवेश की जानकारी होने की बात कही गई है।

तलाशी के दौरान आभूषणों की खरीद से जुड़ी रसीदें भी मिली हैं। अब इनकी कीमत और खरीद के स्रोत का सत्यापन किया जा रहा है।

बच्चों की पढ़ाई पर हुए खर्च की भी जांच

जांच एजेंसी ने अमित कुमार गुप्ता के बच्चों की शिक्षा पर हुए खर्च को भी जांच के दायरे में लिया है। EOU के अनुसार, उनका एक बेटा दार्जिलिंग जिले के आवासीय स्कूल में पढ़ता है, जबकि बेटी कोटा में रहकर NEET की तैयारी कर रही है। बच्चों की शिक्षा पर हुए खर्च का भी आय और संपत्ति के रिकॉर्ड से मिलान किया जाएगा।

आय से 1.49 करोड़ अधिक संपत्ति का मामला दर्ज

EOU के अनुसार, प्रारंभिक जांच में ज्ञात वैध आय और संपत्ति के बीच बड़ा अंतर सामने आया है। इसी आधार पर EOU थाना कांड संख्या 26/26, दिनांक 29 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

फिलहाल EOU जमीन, मकान, फ्लैट, बैंक खाते, निवेश, वाहन और आभूषण से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। बैंक लॉकर की तलाशी और दस्तावेजों के विस्तृत विश्लेषण के बाद संपत्ति का आंकड़ा बदल सकता है। कार्रवाई की जानकारी परिवहन विभाग, बिहार को भी दी जा रही है।