शराब के नशे में सुपौल के मुखिया गिरफ्तार, ब्रेथ एनालाइजर से हुई सेवन की पुष्टि
सुपौल। सुपौल सदर थाना क्षेत्र की बकौर पंचायत के मुखिया नंदन कुमार पंडित को उत्पाद विभाग की टीम ने शराब के नशे में गिरफ्तार किया है। बुधवार को बकौर चौक के समीप चलाए जा रहे जांच अभियान के दौरान यह कार्रवाई की गई। ब्रेथ एनालाइजर से जांच में शराब सेवन की पुष्टि होने के बाद उत्पाद विभाग की टीम ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तारी के बाद मुखिया की मेडिकल जांच कराई गई। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
जांच के दौरान पकड़े गए मुखिया
उत्पाद अधीक्षक अशोक कुमार ने बुधवार दोपहर बताया कि विभाग की टीम जिले में लगातार शराब पीने और बेचने वालों के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी क्रम में बकौर चौक के पास टीम द्वारा संदिग्ध लोगों की जांच की जा रही थी।
जांच के दौरान नंदन कुमार पंडित भी टीम के घेरे में आए। ब्रेथ एनालाइजर से जांच करने पर उनके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। पूछताछ के दौरान टीम को पता चला कि वे बकौर पंचायत के वर्तमान मुखिया हैं। इसके बाद उनके पद की भी पुष्टि की गई।
पत्नी के ऑपरेशन के लिए जाना था
अधिकारी के अनुसार, पूछताछ में मुखिया ने बताया कि उन्हें अपनी पत्नी को ऑपरेशन के लिए ले जाना था। जल्दबाजी में घर से निकलने से पहले उन्होंने इंग्लिश शराब का सेवन किया था। हालांकि जांच में शराब पीने की पुष्टि होने के बाद उत्पाद विभाग ने बिहार में लागू शराबबंदी कानून के तहत उनके खिलाफ कार्रवाई की।
पंचायत में चर्चा का विषय बनी गिरफ्तारी
एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि के शराब के नशे में पकड़े जाने की खबर फैलते ही बकौर पंचायत और आसपास के इलाकों में यह मामला चर्चा का विषय बन गया। लोगों के बीच दिनभर मुखिया की गिरफ्तारी को लेकर चर्चाएं होती रहीं।
उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए जांच और कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा। शराब पीने या बेचने वालों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।