भगवान बलभद्र के पूजनोत्सव पर कलवार सेवक समाज ने की विश्व कल्याण की कामना
खगड़िया। भगवान बलभद्र के पूजनोत्सव के अवसर पर खगड़िया में कलवार सेवक समाज की ओर से विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के लोगों ने भगवान बलभद्र की आराधना कर समाज की एकता, उन्नति और विश्व कल्याण की कामना की।
इस अवसर पर भगवान बलभद्र के वंशज और कलवार सेवक समाज के चेयरमैन डॉ. अरविन्द वर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर को पीले, लाल और सफेद वस्त्रों के साथ गुलाब के फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। भगवान बलभद्र तथा भगवान श्रीकृष्ण-बलराम के चित्र स्थापित कर दीप प्रज्वलित किया गया और पुष्प अर्पित किए गए।
डॉ. अरविन्द वर्मा ने अपने हाथों से भगवान को भोग अर्पित किया। इसके बाद विधि के अनुसार भगवान का मुंह धुलाकर और पान खिलाकर श्रद्धापूर्वक नमन किया। पूजा के दौरान वे पूरी तरह भक्ति-भाव में लीन नजर आए। पूजा संपन्न होने के बाद पुरोहित ने उन्हें तिलक लगाकर आशीर्वाद दिया।
कार्यक्रम में समाज के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे और पूरे भक्तिभाव के साथ पूजा में शामिल हुए।
इस मौके पर डॉ. अरविन्द वर्मा ने कहा कि भगवान बलभद्र केवल कलवार समाज के कुल देवता ही नहीं, बल्कि शक्ति, कृषि और सत्य के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि कलवार समाज के लोग भगवान बलभद्र के वंशज हैं और उनकी पूजा समाज की परंपरा एवं आस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि इस पूजा के माध्यम से उन्होंने अपने परिवार के साथ-साथ देश-विदेश में रहने वाले समस्त कलवार समाज के लोगों के उत्थान, एकता, शिक्षा और कल्याण की कामना की है। उन्होंने कहा कि कलवार सेवक समाज लगातार समाज के लोगों को एकजुट करने, युवाओं को शिक्षा एवं संस्कार से जोड़ने और अपनी गौरवशाली परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में काम कर रहा है।
डॉ. वर्मा ने कहा कि भगवान बलभद्र का आशीर्वाद समाज को नई दिशा और शक्ति प्रदान करेगा।