सरैया (मुजफ्फरपुर)। कांटी के विद्यालय में रंगदारी के लिए फायरिंग का मामला अभी थमा भी नहीं था, इसी बीच पोखरैरा स्थित होली क्रास स्कूल में दूसरी वारदात हो गई। भूमि विवाद में गार्ड की हत्या की नीयत से पहुंचे पांच में से दो बदमाशों को ग्रामीणों ने दबोच लिया।उनकी जमकर पिटाई की और उसके बाद दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। मौका देखकर अन्य बदमाश भाग निकले। पकड़े गए बदमाशों के पास से दो पिस्टल और कारतूस मिले हैं। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। बताया जाता है कि बुधवार की दोपहर करीब तीन बजे हथियारों से लैस पांच बदमाश स्कार्पियो से स्कूल परिसर में आ धमके।
बच्चों की उसी समय छुट्टी हुई थी और स्कूल का गेट खुला था। रोकने पर गार्ड की पिटाई कर दी। इससे विद्यालय में अफरातफरी और दहशत का माहौल बन गया। इस बीच शोर-शराबा सुनकर आसपास के जुटे लोगों ने साहस का परिचय देते हुए दो बदमाशों को दबोच लिया।पकड़े गए शातिर राहुल कुमार और सोनू कुमार नालंदा जिले के एकंगसराय के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस अभिरक्षा में दोनों का इलाज चल रहा है। पटना जिले के मसौढ़ी थाना क्षेत्र निवासी विद्यालय के सुरक्षा गार्ड अशोक कुमार ने बताया कि स्कार्पियो सवार बदमाश जबरन स्कूल के अंदर घुस आए और उनसे रंगदारी में 50 लाख रुपये मांगने लगे।
विरोध करने पर बदमाशों ने गाली-गलौच और पिटाई कर दी। दूसरी ओर विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि सुरक्षा गार्ड का मसौढ़ी में ही जमीन संबंधी विवाद चल रहा है। उसी विवाद में स्कार्पियो से बदमाश पोखरैरा पहुंच गए थे।यह घटना विद्यालय प्रबंधन से जुड़ी नहीं है। स्कूल के सुरक्षा गार्ड का यह निजी विवाद है। मामले में पुलिस की ओर से कार्रवाई की जा रही है।
-मयंक ठाकुर, निदेशक, होली क्रास स्कूल