दिल्ली से शराब की खेप लेकर AC फर्स्ट क्लास में सफर कर रही युवती गिरफ्तार, 100 बोतल विदेशी शराब बरामद; पिता भी जा चुके हैं जेल
समस्तीपुर: समस्तीपुर जंक्शन पर शुक्रवार शाम आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के एसी फर्स्ट क्लास कोच से 100 बोतल विदेशी शराब बरामद की। शराब की यह खेप आठ बैग और ब्रीफकेस में छिपाकर ले जाई जा रही थी। मामले में पुलिस ने एक युवती और उसके साथ सफर कर रहे हरियाणा निवासी युवक को गिरफ्तार किया है। दोनों आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।
गिरफ्तार युवती की पहचान सिंघियाघाट थाना क्षेत्र के बारी गांव, वार्ड-12 निवासी संजय कुमार झा की 25 वर्षीय बेटी नेहा कुमारी के रूप में हुई है। वहीं, गिरफ्तार युवक की पहचान हरियाणा के करनाल स्थित पुरुषोत्तम गार्डन निवासी इशान कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, इशान नेहा के जीजा का भाई है और वह बीटेक की पढ़ाई कर चुका है।
गुप्त सूचना के आधार पर ट्रेन में हुई छापेमारी
पुलिस को सूचना मिली थी कि स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के एसी फर्स्ट क्लास के H-1 कोच में शराब की खेप लाई जा रही है। सूचना मिलने के बाद आरपीएफ की टीम ने समस्तीपुर स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचते ही संबंधित कोच में छापेमारी की।
पुलिस टीम जब संदिग्ध कूपे के पास पहुंची तो उसका दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद अंदर मौजूद लोगों ने दरवाजा खोला। इसके बाद पुलिस ने सामान की तलाशी लेने की बात कही।
तलाशी के दौरान पुलिस से बहस करने लगी युवती
पुलिस के मुताबिक, तलाशी की बात पर युवती ने पुलिसकर्मियों से बहस शुरू कर दी। वह अंग्रेजी में बातचीत करते हुए अपना रौब दिखाने की कोशिश कर रही थी। हालांकि, पुलिस टीम ने वीडियोग्राफी कराते हुए दोनों के सामान की तलाशी शुरू कर दी।
तलाशी के दौरान आठ बैग और ब्रीफकेस से अलग-अलग कंपनियों की कुल 100 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई। शराब बरामद होते ही आरपीएफ ने दोनों को ट्रेन से उतार लिया।
जब्ती सूची तैयार कर दोनों को जीआरपी को सौंपा
आरपीएफ पोस्ट पर दोनों आरोपितों के सामान की जब्ती सूची तैयार की गई। इसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए दोनों को जीआरपी के हवाले कर दिया गया। जीआरपी ने पूछताछ के बाद मामले में प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पहले भी शराब लाने का पुलिस को शक
पुलिस जांच में सामने आया है कि नेहा दरभंगा में किराये के मकान में रहती थी। पुलिस के अनुसार, वह इससे पहले भी दिल्ली से शराब की खेप ला चुकी है। पूछताछ के दौरान पुलिस शराब तस्करी के नेटवर्क और इस खेप को दरभंगा में किसे सौंपा जाना था, इसकी जानकारी जुटाने में लगी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, नेहा अक्सर AC फर्स्ट क्लास में सफर करती थी। उसके पहनावे और बातचीत के तरीके के कारण सामान्य यात्रियों को उस पर शराब तस्करी में शामिल होने का संदेह नहीं होता था।
नेहा के पिता भी शराब मामले में जा चुके हैं जेल
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार युवती नेहा कुमारी के पिता संजय कुमार झा भी पूर्व में शराब कारोबार के मामले में जेल जा चुके हैं। नेहा की मां आंगनबाड़ी सेविका हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि नेहा शराब तस्करी के इस नेटवर्क में कब से जुड़ी थी और उसके साथ कौन-कौन लोग काम कर रहे हैं।
दिल्ली से दरभंगा जा रही थी शराब की खेप
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि दोनों आरोपी दिल्ली से शराब लेकर दरभंगा जा रहे थे। समस्तीपुर में ट्रेन चेकिंग के दौरान उनकी गतिविधि संदिग्ध लगने पर तलाशी ली गई, जिसमें शराब की पूरी खेप बरामद हो गई।
जीआरपी थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर वीरबल कुमार ने बताया कि आरपीएफ द्वारा शराब के साथ पकड़े गए दोनों आरोपितों को जीआरपी को सौंपा गया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। दोनों से पूछताछ कर शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।