मुजफ्फरपुर में हेडमास्टर सस्पेंड: स्कूल कार्यालय के ‘शुद्धीकरण’ का वीडियो वायरल, शिक्षा विभाग ने लिया एक्शन
मुजफ्फरपुर। मुरौल प्रखंड के राजकीयकृत शिवनंदन उच्च माध्यमिक विद्यालय में प्रभारी प्रधानाध्यापक द्वारा कार्यालय कक्ष के कथित ‘शुद्धीकरण’ का वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। इंटरनेट मीडिया पर वायरल वीडियो में प्रभारी प्रधानाध्यापक ज्ञान प्रकाश अपने कार्यालय में शुद्धीकरण करते नजर आ रहे हैं।
वीडियो सामने आने के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमार अरविन्द सिन्हा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी प्रधानाध्यापक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद मांगा गया स्पष्टीकरण
जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के अनुसार, 4 सितंबर को वीडियो क्लिप विभाग के संज्ञान में आया था। इसके बाद प्रधानाध्यापक से पूरे मामले को लेकर लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया।
विभाग ने प्रथम दृष्टया उनके कथित कृत्य को सरकारी सेवक के निर्धारित आचरण और कर्तव्य निर्वहन के विरुद्ध गंभीर मामला माना है।
घोर अनुशासनहीनता का आरोप
डीईओ के अनुसार, प्रधानाध्यापक का यह कृत्य घोर अनुशासनहीनता और कर्तव्यों के प्रति लापरवाही की श्रेणी में आता है। विभाग का कहना है कि इस तरह की घटना से विद्यालय के शैक्षणिक माहौल पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
इसे सरकारी सेवक आचार नियमावली के प्रावधानों का उल्लंघन मानते हुए विभाग ने कार्रवाई की है।
विभागीय जांच के आदेश
गंभीर आरोपों के आधार पर ज्ञान प्रकाश को निलंबित कर उनके विरुद्ध विभागीय जांच शुरू करने का आदेश दिया गया है। मामले के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग और स्थानीय क्षेत्र में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शैक्षणिक संस्थानों में गैर-जिम्मेदाराना और अनुशासनहीन आचरण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।