कटिहार में बड़ा हादसा टला: आजमनगर-सालमारी सड़क पर अनियंत्रित होकर बांध से नीचे पलटी फोर व्हीलर
कटिहार जिले के आजमनगर-सालमारी मुख्य सड़क पर महानंदा बांध के पास शनिवार सुबह एक फोर व्हीलर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पलट गई। हादसे के वक्त वाहन में चालक अकेला था। दुर्घटना में चालक बाल-बाल बच गया। गाड़ी में कोई अन्य सवार नहीं होने के कारण बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने जेसीबी की मदद से फोर व्हीलर को बांध के नीचे से बाहर निकाला।
खराब और संकरी सड़क बनी हादसों की वजह
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, आजमनगर-सालमारी महानंदा बांध सड़क की हालत काफी खराब है। सड़क कई जगहों पर टूटी हुई है और संकरी होने के कारण वाहनों के आवागमन में परेशानी होती है। बड़े वाहनों के गुजरने के दौरान दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क पर आए दिन हादसे होते रहते हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधि, राहगीर, ग्रामीण और समाजसेवी लंबे समय से सड़क को चौड़ा करने और मरम्मत कराने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है।
समाजसेवी राजा खान, इंजीनियर नवाज शरीफ, सुनील सिन्हा और श्याम केशरी समेत कई लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सड़क की जल्द मरम्मत और चौड़ीकरण कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सड़क को बेहतर बनाने से दुर्घटनाओं पर काफी हद तक अंकुश लगाया जा सकता है।