किशनगंज में 3 करोड़ की ड्रग्स बरामद, महिला समेत 2 तस्कर गिरफ्तार: 814 ग्राम MDMA और 507 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त, पिस्टल व कारतूस भी मिला
किशनगंज। सीमांचल में नशा तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ किशनगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF), सशस्त्र सीमा बल (SSB) और गलगलिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने भारत-नेपाल सीमा से सटे गलगलिया बाजार के छनूटोला लकड़ी डिपो गांव में छापेमारी कर एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट का खुलासा किया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके ठिकाने से कुल 1321 ग्राम मादक पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, बरामद ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ रुपये है। इसके अलावा एक अवैध देसी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
गुप्त सूचना पर संयुक्त टीम ने की छापेमारी
एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे विशेष मादक पदार्थ विरोधी अभियान के तहत पुलिस को 12 सितंबर को सूचना मिली थी कि गलगलिया थाना क्षेत्र के लकड़ी डिपो गांव स्थित एक घर में भारी मात्रा में नशीले पदार्थ छिपाकर रखे गए हैं। सूचना थी कि इस खेप को सीमा पार भेजने की तैयारी की जा रही है।
सूचना की पुष्टि के बाद एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में ANTF, SSB और गलगलिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने बताए गए ठिकाने की घेराबंदी कर सघन तलाशी ली।
814 ग्राम MDMA और 507 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस को घर के फर्श और गुप्त आलमारियों से नशीले पदार्थों के पैकेट मिले।
- 814 ग्राम MDMA
- 507 ग्राम ब्राउन शुगर
- 1 देसी पिस्टल
- 1 जिंदा कारतूस
- मोबाइल फोन
पुलिस के मुताबिक बरामद MDMA और ब्राउन शुगर की कुल मात्रा 1321 ग्राम है।
महिला समेत दो तस्कर गिरफ्तार
मौके से गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद हासिम और रूकसार खातून के रूप में हुई है। दोनों छनूटोला लकड़ी डिपो, गलगलिया, किशनगंज के रहने वाले बताए गए हैं।
ड्रग्स के साथ हथियार और कारतूस बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।
कहां से आई ड्रग्स और किसे करनी थी सप्लाई?
पुलिस अब इस सिंडिकेट के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है। यानी ड्रग्स की खेप कहां से आई थी और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था, इसका पता लगाया जा रहा है। पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है।
NDPS और आर्म्स एक्ट में केस दर्ज
मामले में गलगलिया थाना कांड संख्या 95/26 दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। पुलिस ने दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
एसपी संतोष कुमार ने कहा कि ड्रग्स कारोबार से अर्जित अवैध चल-अचल संपत्तियों को चिह्नित कर कानून के तहत उन्हें फ्रीज/जब्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
नशे की सूचना देने के लिए हेल्पलाइन जारी
पुलिस ने लोगों से 'नशामुक्त किशनगंज' अभियान में सहयोग करने की अपील की है। नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़ी किसी भी सूचना के लिए ANTF हेल्पलाइन नंबर 9031816150 पर संपर्क किया जा सकता है। पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।