Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:चलती ट्रेन में टिकट मांगने पर युवती ने खुद फाड़े कपड़े, TTE को फंसाने की कोशिश का आरोप - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, September 20, 2026

BIHAR:चलती ट्रेन में टिकट मांगने पर युवती ने खुद फाड़े कपड़े, TTE को फंसाने की कोशिश का आरोप

चलती ट्रेन में टिकट मांगने पर युवती ने खुद फाड़े कपड़े, TTE को फंसाने की कोशिश का आरोप

पटना। दानापुर-सिकंदराबाद एक्सप्रेस में टिकट चेकिंग के दौरान एक युवती और TTE के बीच जमकर विवाद हो गया। आरोप है कि टिकट मांगने पर युवती ने पहले TTE से बहस की और बाद में खुद अपने कपड़े फाड़ते हुए TTE पर कपड़े फाड़ने का आरोप लगाने लगी। पूरी घटना का वीडियो ट्रेन में मौजूद एक यात्री ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

टिकट मांगने पर शुरू हुआ विवाद

बताया जा रहा है कि युवती पटना जिले के खगौल की रहने वाली है और ट्रेन से डीडीयू जंक्शन की ओर जा रही थी। उसके पास टिकट नहीं होने की बात सामने आई। TTE ने जब उससे टिकट मांगा तो दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।

वीडियो में युवती TTE से बहस करते हुए अपने परिचित ‘मुन्ना तिवारी’ का नाम लेती सुनाई देती है। वह कथित तौर पर TTE को धमकी भी देती है और 112 पर फोन करने की बात कहती है।

फोन पर बोली- TTE मेरा कपड़ा फाड़ रहा है

विवाद के दौरान युवती किसी व्यक्ति को फोन कर कथित तौर पर कहती है कि TTE उसका कपड़ा फाड़ रहा है। इसके बाद वीडियो में युवती खुद अपने कपड़े फाड़ती हुई दिखाई देती है और सामने मौजूद लोगों से कुछ कहती है।

ट्रेन में मौजूद यात्रियों ने उसे विवाद नहीं करने की सलाह दी। एक यात्री ने उसे 112 पर फोन करने और ट्रेन में RPF की मौजूदगी की बात भी कही।

डीडीयू जंक्शन पर महिला पुलिस ने लगाई फटकार

घटना के बाद डीडीयू जंक्शन पर रेलवे कर्मियों और महिला पुलिसकर्मी ने युवती से बातचीत की। युवती ने वहां भी अपने कपड़े फाड़े जाने की बात कही। इस दौरान TTE की ओर से महिला पुलिसकर्मी को वीडियो दिखाया गया, जिसमें युवती खुद कपड़े फाड़ती हुई नजर आ रही थी।

इसके बाद महिला पुलिसकर्मी ने युवती को इस तरह की हरकत नहीं करने को लेकर फटकार लगाई। रेलवे कर्मियों ने भी कहा कि युवती होने के कारण उसके साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जा रहा था।

मामले में रेल पुलिस की ओर से 1,000 रुपये जुर्माना लगाए जाने की बात भी सामने आई है। घटना को लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई और पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि संबंधित रेल पुलिस से होना बाकी है।

कोशी लाइव | पटना