Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:होटल में दिल्ली की महिला से रेप का आरोप, SSB ASI विकाश पर ठगी और ब्लैकमेलिंग के भी आरोप - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, September 10, 2026

BIHAR:होटल में दिल्ली की महिला से रेप का आरोप, SSB ASI विकाश पर ठगी और ब्लैकमेलिंग के भी आरोप

मुजफ्फरपुर के होटल में दिल्ली की महिला से रेप का आरोप, SSB ASI पर ठगी और ब्लैकमेलिंग के भी आरोप

मुजफ्फरपुर में SSB के एक ASI और उसके साथी पर दिल्ली की एक महिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाने और वायरल कराने का झांसा देकर उसे मुजफ्फरपुर बुलाया गया, जहां एक होटल में उसके साथ दुष्कर्म किया गया और कथित तौर पर वीडियो भी बनाया गया। महिला ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पैसे मांगने का भी आरोप लगाया है।

महिला के मुताबिक, वह 7 दिसंबर 2025 को अपने दो साल के बेटे के साथ मुजफ्फरपुर पहुंची थी। आरोप है कि उसे स्टेशन रोड स्थित एक होटल में ठहराया गया, जहां SSB ASI विकास कुमार के साथी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला ने विरोध किया तो उसके बच्चे को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई।

वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 20 हजार रुपये लेने का आरोप

महिला का आरोप है कि दिल्ली लौटने के बाद ASI और उसका साथी कथित वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करने लगे। उससे 20 हजार रुपये भी लिए गए और बाद में और पैसों की मांग की गई। इसके बाद महिला ने अपने पति को पूरी घटना की जानकारी दी।

शिकायत वापस लेने का दबाव बनाने का आरोप

महिला ने पहले SSB मुख्यालय में ऑनलाइन शिकायत की थी। इसके बाद उसे बयान दर्ज कराने के लिए मुजफ्फरपुर बुलाया गया। महिला का आरोप है कि 7 सितंबर को बयान देने पहुंचने पर उस पर शिकायत वापस लेने और बयान बदलने का दबाव बनाया गया। इसके बाद उसने मुजफ्फरपुर नगर थाना में शिकायत की।

नगर थाना पुलिस के अनुसार, महिला का ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुआ है। आवेदन की जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लखनऊ की दो महिला इनफ्लुएंसर ने भी लगाए आरोप

इसी मामले में लखनऊ की दो महिला सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर ने भी ASI विकास कुमार पर अश्लील मैसेज भेजने और शोषण करने के आरोप लगाए हैं। दोनों महिलाओं ने SSB में शिकायत दी है। उनका आरोप है कि शिकायत के बाद उन्हें भी बयान दर्ज कराने के लिए मुजफ्फरपुर बुलाया गया और शिकायत वापस लेने के लिए दबाव एवं धमकी दी गई।

दोनों ने अहियापुर थाने में सनहा दर्ज कराने के लिए ऑनलाइन आवेदन भी दिया है।

'विकास फौजी' नाम से सोशल मीडिया अकाउंट चलाने का दावा

आरोपों के मुताबिक, विकास कुमार सोशल मीडिया पर 'विकास फौजी' नाम से अकाउंट चलाता है और ब्लॉगर्स एवं कंटेंट क्रिएटर्स के साथ मीटअप करता था। कुछ लोगों ने उस पर सोशल मीडिया से कमाई और फॉलोअर्स बढ़ाने की जानकारी देने के बदले पैसे लेने का भी आरोप लगाया है। उसके खिलाफ नगर थाना में ठगी की लिखित शिकायत दिए जाने की बात भी सामने आई है।

SSB ने बनाई तीन सदस्यीय जांच कमेटी

मामला सामने आने के बाद SSB ने स्वतः संज्ञान लेते हुए तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की है। SSB सेक्टर मुख्यालय के सेकंड-इन-कमांड रजनीश कुमार मोरल के अनुसार, कमेटी पूरे मामले की जांच कर रही है और महिला से लगाए गए आरोपों से संबंधित साक्ष्य मांगे गए हैं।

फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है। पुलिस और SSB की जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता और आगे की कानूनी कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।