सीवान में दिनदहाड़े महिला से मंगलसूत्र झपटा, बाइक सवार बदमाश फरार
सीवान। भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला के गले से मंगलसूत्र झपट लिया। घटना थाना से महज 200 मीटर दूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के मुख्य गेट के बाहर हुई। वारदात के बाद दोनों बदमाश तेज रफ्तार बाइक से छपरा की ओर फरार हो गए।
मछगरा गांव निवासी नीतू देवी, पति सुरेश साह, सीएचसी से दवा लेकर बाहर निकली थीं। वह टोटो का इंतजार करने के लिए सड़क किनारे खड़ी थीं। इसी दौरान मलमलिया की ओर से बाइक सवार दो बदमाश पहुंचे और महिला के गले से मंगलसूत्र झपटकर फरार हो गए।
अचानक हुई घटना से महिला घबरा गईं और रोने लगीं। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बदमाश काफी दूर निकल चुके थे।
थाना से 200 मीटर दूर वारदात
घटना स्थल के आसपास प्रखंड और अंचल मुख्यालय भी स्थित हैं। थाना और प्रशासनिक कार्यालयों के इतने करीब दिनदहाड़े हुई झपटमारी से स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
सूचना मिलते ही भगवानपुर हाट थाना प्रभारी आशुतोष कुमार मौके पर पहुंचे और पीड़ित महिला से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने महिला के आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बाइक सवार बदमाशों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
कोशी लाइव | सीवान