Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR: जिला परिषद प्रतिनिधि की 8 गोली मारकर हत्या:वॉक पर निकले थे; भीड़ ने आरोपी का घर फूंका, 2 इंस्पेक्टर के सिर फूटे-8 गाड़ियां तोड़ीं - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, September 12, 2026

BIHAR: जिला परिषद प्रतिनिधि की 8 गोली मारकर हत्या:वॉक पर निकले थे; भीड़ ने आरोपी का घर फूंका, 2 इंस्पेक्टर के सिर फूटे-8 गाड़ियां तोड़ीं

सीतामढ़ी में जिला परिषद प्रतिनिधि की 8 गोलियां मारकर हत्या, आक्रोशित भीड़ ने आरोपी का घर फूंका

सीतामढ़ी: डुमरा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले जिला परिषद प्रतिनिधि बैद्यनाथ महतो की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना केथरिया-रामपट्टी चौक के पास पथरिया श्मशान के समीप हुई। बताया जा रहा है कि बाइक सवार बदमाशों ने बैद्यनाथ महतो को निशाना बनाकर कई राउंड फायरिंग की। उन्हें करीब 8 गोलियां लगीं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

बैद्यनाथ महतो वार्ड संख्या-13 की जिला परिषद सदस्य दिलखुश देवी के पति थे। हत्या की खबर फैलते ही इलाके में तनाव और आक्रोश फैल गया।

बाइक से पहुंचे थे तीन बदमाश

स्थानीय लोगों के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 6 बजे बैद्यनाथ महतो मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बताया गया कि बदमाशों ने करीब 10 राउंड फायर किए, जिनमें से लगभग 8 गोलियां बैद्यनाथ महतो के शरीर में लगीं।

परिजनों के अनुसार, उन्हें पीठ, सिर और शरीर के अगले हिस्से में गोलियां लगीं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

पहले भी हुई थी फायरिंग, पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप

परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि बैद्यनाथ महतो के घर पर 28 अगस्त की रात भी फायरिंग की गई थी। परिजनों का कहना है कि गोली घर में सो रहे एक सदस्य के पास से होकर गुजरी थी। बाद में घर से गोली का खोखा बरामद होने की बात कही गई।

इस मामले में डुमरा थाना में शिकायत दर्ज कराई गई थी। परिजनों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद आरोपियों के खिलाफ समय रहते कार्रवाई नहीं की गई।

परिजनों और समर्थकों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर 7 सितंबर को डुमरा थाना का घेराव भी किया था। उनका दावा है कि इसके बाद एक आरोपी के पिता को हिरासत में लिया गया, लेकिन बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।

शराब कारोबार के विरोध को बताया हत्या की वजह

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हत्या के पीछे गांव में चल रहे कथित शराब कारोबार का विरोध वजह हो सकती है। हत्या के मुख्य आरोपी के रूप में गांव के ही त्रिभुवन कुशवाहा उर्फ एजाज का नाम सामने आ रहा है।

लोगों का दावा है कि एजाज गांव में शराब की सप्लाई करता था और बैद्यनाथ महतो इसका विरोध करते थे। इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

हत्या के बाद भड़की भीड़, आरोपी का घर फूंका

हत्या की सूचना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने कथित आरोपी त्रिभुवन कुशवाहा उर्फ एजाज के घर में आग लगा दी। घर से धुआं उठता दिखाई दिया।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए करीब 12 थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी और एसडीएम भी घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया।

पुलिस की 8 गाड़ियों में तोड़फोड़, पथराव में दो इंस्पेक्टर घायल

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के मौके पर पहुंचने के बाद भी भीड़ का गुस्सा शांत नहीं हुआ। ग्रामीणों ने पुलिस की करीब 8 गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी। पुलिस वाहनों के अंदर ईंट और कांच के टुकड़े भी मिले।

भीड़ ने पुलिस टीम पर पथराव भी किया। इस दौरान इंस्पेक्टर अनिल राम और इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार के सिर में चोट लगी। दोनों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। दो दरोगाओं को भी ग्रामीणों द्वारा खदेड़ने की बात कही गई है।

स्थिति को देखते हुए इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

डुमरा थानाध्यक्ष निलंबित

मामले में एसपी ने डुमरा थानाध्यक्ष मुकेश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। परिवार की ओर से आरोप लगाया गया था कि पहले हुई फायरिंग की घटनाओं के बाद भी थाने की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

नातिन ने बताया आंखों देखा घटनाक्रम

बैद्यनाथ महतो की नातिन ने बताया कि वह शनिवार सुबह अपने नाना के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकली थी। उसके मुताबिक, नाना उससे कुछ दूरी आगे चल रहे थे और वह पीछे से आ रही थी। इसी दौरान बदमाशों ने फायरिंग कर दी।

उसने दावा किया कि पहले भी आरोपियों की ओर से धमकी और फायरिंग की घटनाएं हुई थीं। परिवार का आरोप है कि बैद्यनाथ महतो को शराब कारोबार का विरोध करने के कारण निशाना बनाया जा रहा था।

गांव में तनाव, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

हत्या के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। ग्रामीणों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है। लोग आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया के साथ अपराधियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले में हत्या की वजह, आरोपियों की भूमिका और पहले हुई फायरिंग की घटनाओं को जोड़कर जांच कर रही है। पुलिस की जांच और गिरफ्तारी के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।