‘मुझे जल्दी लखपति बनना था’, शराब तस्करी में पकड़ी गई महिला ने खोले कई राज
बगहा में शराब लदी कार से 68 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, महिला समेत तीन तस्कर गिरफ्तार
बगहा (पश्चिम चंपारण) में शराब तस्करी के एक मामले में गिरफ्तार सीतामढ़ी की महिला ने पूछताछ के दौरान पुलिस के सामने तस्करी के तरीके और कमाई से जुड़े कई अहम खुलासे किए हैं। महिला ने बताया कि वह जल्दी लखपति बनना चाहती थी। इसी लालच में वह शराब लदी गाड़ियों में घरेलू महिला बनकर सफर करती थी और इसके बदले धंधेबाजों से प्रतिदिन करीब 10 हजार रुपये लेती थी।
उत्पाद विभाग के अनुसार, महिला उत्तर प्रदेश समेत दूसरे राज्यों से बिहार आने वाली शराब लदी गाड़ियों में बैठती थी। तस्करों को उम्मीद रहती थी कि गाड़ी में महिला या परिवार के लोग सवार होने पर पुलिस उसे आसानी से जांच के लिए नहीं रोकेगी।
हर दिन मिलते थे 10 हजार रुपये
पूछताछ में महिला ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि शराब लदी गाड़ी में सफर करने के बदले उसे रोजाना 10 हजार रुपये दिए जाते थे। मोटी कमाई के लालच में वह कई बार इस तरह तस्करी में शामिल हुई।
स्कैनर जांच में खुला शराब का राज
उत्पाद निरीक्षक सह थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि शराब लदी गाड़ी को रोकने के बाद चालक से पूछताछ की गई। चालक ने महिला को अपनी चाची बताया और उसे बेतिया ले जाने की बात कही।
चालक ने पुलिस को यह भी समझाने की कोशिश की कि महिला के गाड़ी में होने के कारण उसमें किसी प्रतिबंधित सामान के होने की संभावना नहीं है। हालांकि पुलिस को संदेह हुआ और स्कैनर मशीन से वाहन की सघन जांच की गई।
जांच के दौरान वाहन में बनाए गए विशेष तहखाने का पता चला। तहखाने में छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब की बोतलें बरामद की गईं।
68 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त, तीन गिरफ्तार
उत्पाद विभाग ने बीते 27 अगस्त को दिल्ली नंबर की कार DL 10 CD 2388 की जांच के दौरान कुल 68 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की थी। मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में उत्तर प्रदेश निवासी अवध किशोर पांडेय, सीतामढ़ी निवासी संजीव कुमार और उक्त महिला शामिल हैं।
पूछताछ में सामने आई जानकारी के आधार पर उत्पाद विभाग अब शराब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटा है। अधिकारियों के अनुसार, संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास जारी है।