Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:प्रेमिका ने शादी से किया इनकार तो ट्रेन के आगे कूदा प्रेमी, 10 टुकड़ों में बंटी बॉडी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, September 12, 2026

BIHAR:प्रेमिका ने शादी से किया इनकार तो ट्रेन के आगे कूदा प्रेमी, 10 टुकड़ों में बंटी बॉडी

प्रेमिका ने शादी से किया इनकार तो ट्रेन के आगे कूदा प्रेमी, 10 टुकड़ों में बंटी बॉडी

बेगूसराय: बेगूसराय के लाखो थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़ा दर्दनाक मामला सामने आया है। परिजनों के अनुसार, एक युवती के बुलाने पर युवक करीब 2100 किलोमीटर दूर से बेगूसराय पहुंचा था। बताया गया था कि दोनों की शादी होगी, लेकिन युवती और उसके परिवार की ओर से शादी से इनकार किए जाने के बाद युवक ने रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के आगे छलांग लगा दी।

ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई और उसका शव कई हिस्सों में बंट गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतक की पहचान लाखो थाना क्षेत्र के कोठिया गांव निवासी मोहम्मद मतीन के 28 वर्षीय बेटे मोहम्मद समीर के रूप में हुई है। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

कर्नाटक में करता था निर्माण कार्य

परिजनों के मुताबिक, समीर कर्नाटक में बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन का काम करता था। करीब पांच साल पहले उसकी शादी खुशबू खातून से हुई थी और उसकी एक बेटी भी है।

शादी के करीब दो साल बाद समीर का अफेयर कोठिया गांव से लगभग चार किलोमीटर दूर रमजानपुर निवासी एक युवती से होने की बात सामने आई थी। परिवार को इस प्रेम संबंध की जानकारी करीब तीन महीने पहले हुई थी।

शादी की बात कहकर बुलाया गया था

समीर के पिता मोहम्मद मतीन और भाई मोहम्मद जसीम ने बताया कि युवती के परिवार की ओर से समीर को फोन कर कहा गया था कि वह 10 तारीख को बेगूसराय आ जाए, दोनों का निकाह करा दिया जाएगा।

शादी की बात सुनकर समीर काफी खुश था। वह कुछ दिन पहले ही कर्नाटक से अपने घर लौटा था।

शुक्रवार को प्रेमिका के घर पहुंचा था

परिजनों के अनुसार, शुक्रवार को समीर शादी की बात पक्की करने और प्रेमिका से मिलने रमजानपुर पहुंचा था। लेकिन वहां पहुंचने के बाद युवती और उसके परिवार ने शादी से इनकार कर दिया।

शादी से इनकार के बाद समीर वहां से निकल गया। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। उसका मोबाइल फोन भी बंद मिल रहा था।

प्रेमिका के घर से 300 मीटर दूर मिला शव

परिजनों ने बताया कि तलाश के दौरान समीर का शव उसकी प्रेमिका के घर से करीब 300 मीटर दूर रेलवे ट्रैक के पास मिला। बताया गया कि उसने ट्रेन के सामने छलांग लगाकर जान दे दी।

घटना की सूचना लाखो थाना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।

पोस्टमॉर्टम के बाद शनिवार सुबह शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस मामले की जांच में जुटी

घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और घटना से पहले उसके साथ क्या-क्या हुआ था। परिजनों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।