बिहार में एक साथ 10 IPS अधिकारियों का तबादला, कई को SDPO की जिम्मेदारी; देखें पूरी लिस्ट
पटना। बिहार सरकार के गृह विभाग ने शुक्रवार को भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 10 अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापना की अधिसूचना जारी की है। तबादले में कई अधिकारियों को अलग-अलग जिलों में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं पूरन कुमार झा को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में SP और कोमल मीणा को पटना ग्रामीण SP बनाया गया है।
पूरन कुमार झा बने निगरानी SP
2018 बैच के IPS अधिकारी पूरन कुमार झा को पुलिस अधीक्षक, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार, पटना के पद पर तैनात किया गया है। इससे पहले वह बिहार पुलिस मुख्यालय में पदस्थापन की प्रतीक्षा में थे। पूरन कुमार झा सिवान के SP की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
कोमल मीणा को पटना ग्रामीण SP की जिम्मेदारी
2023 बैच की IPS अधिकारी कोमल मीणा को पटना ग्रामीण का SP बनाया गया है। वह इससे पहले पटना में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2, विधि-व्यवस्था के पद पर तैनात थीं। अब उन्हें पटना के ग्रामीण क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की जिम्मेदारी संभालनी होगी।
इन IPS अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
| IPS अधिकारी | नई पदस्थापना |
|---|---|
| पूरन कुमार झा | SP, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना |
| कोमल मीणा | SP, ग्रामीण, पटना |
| सुभा सागर | SDPO-2, विधि-व्यवस्था, पटना |
| अनिकेत कुमार द्विवेदी | SDPO-1, जहानाबाद |
| दीप्ति मोनाली | SDPO, जमुई |
| हेमंत सिंह | SDPO-1, नगर, भागलपुर |
| कार्तिकेयन | SDPO-2, नगर, मुजफ्फरपुर |
| केतल अशोक इंगोले | SDPO, रजौली, नवादा |
| प्रसन्न कुमार | SDPO, नरकटियागंज, पश्चिमी चंपारण |
| सईम राणा | SDPO, नवगछिया |
पटना की विधि-व्यवस्था में भी बदलाव
2023 बैच की IPS अधिकारी सुभा सागर को पटना में SDPO-2, विधि-व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है। वह पहले सहायक पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात थीं।
वहीं 2024 बैच के IPS अधिकारी अनिकेत कुमार द्विवेदी, जो समस्तीपुर में ASP के पद पर थे, उन्हें SDPO-1, जहानाबाद बनाया गया है। दीप्ति मोनाली को गया से स्थानांतरित कर SDPO, जमुई की जिम्मेदारी दी गई है।
भागलपुर, मुजफ्फरपुर और चंपारण में भी नई पोस्टिंग
हेमंत सिंह को पूर्वी चंपारण के ASP पद से हटाकर SDPO-1, नगर, भागलपुर बनाया गया है। वहीं पश्चिमी चंपारण में ASP रहे कार्तिकेयन को SDPO-2, नगर, मुजफ्फरपुर की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा केतल अशोक इंगोले को दरभंगा के ASP पद से स्थानांतरित कर SDPO, रजौली (नवादा) बनाया गया है। प्रसन्न कुमार को मुजफ्फरपुर के ASP पद से स्थानांतरित कर SDPO, नरकटियागंज (पश्चिमी चंपारण) और सईम राणा को भागलपुर के ASP पद से स्थानांतरित कर SDPO, नवगछिया की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
गृह विभाग के इस तबादले के बाद बिहार के कई जिलों में पुलिसिंग की कमान और विधि-व्यवस्था से जुड़ी जिम्मेदारियों में बदलाव देखने को मिलेगा।