Kosi Live-कोशी लाइव तेज प्रताप यादव का नया अंदाज, मल्लिका शेरावत के साथ शेयर किया VIDEO; बोले- ‘कुछ बहुत बड़ा आने वाला है’ - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, August 9, 2026

तेज प्रताप यादव का नया अंदाज, मल्लिका शेरावत के साथ शेयर किया VIDEO; बोले- ‘कुछ बहुत बड़ा आने वाला है’

तेज प्रताप यादव का नया अंदाज, मल्लिका शेरावत के साथ शेयर किया VIDEO; बोले- ‘कुछ बहुत बड़ा आने वाला है’

पटना: लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव एक बार फिर अपने अनोखे अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। इस बार बॉलीवुड अभिनेत्री मल्लिका शेरावत के साथ उनका एक नया वीडियो सामने आया है। वीडियो में तेज प्रताप सूट-बूट में नजर आ रहे हैं, जबकि मल्लिका शेरावत उन्हें कोट पहनाती दिखाई दे रही हैं। वीडियो के साथ तेज प्रताप ने एक बड़े और खास प्रोजेक्ट का संकेत दिया है, लेकिन प्रोजेक्ट क्या है, इसका खुलासा अभी नहीं किया गया है।

मल्लिका ने पहनाया कोट, बटन लगाने में की मदद

तेज प्रताप यादव ने करीब 1 मिनट 27 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। वीडियो में मल्लिका शेरावत एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर तेज प्रताप को कोट पहनाती नजर आती हैं। इसके बाद तेज प्रताप खुद कोट का बटन लगाने की कोशिश करते हैं, लेकिन जब बटन नहीं लग पाता तो मल्लिका उनकी मदद करती हैं।

इसके बाद मल्लिका उन्हें शीशा दिखाती हैं और तेज प्रताप शीशे की तरफ बढ़ते हैं। वीडियो में कमरे के अंदर शूटिंग के लिए लगे कैमरे भी नजर आ रहे हैं। इससे संकेत मिल रहा है कि यह किसी प्रोफेशनल शूट का हिस्सा है।

हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि वीडियो किस प्रोजेक्ट के लिए शूट किया गया है।

तेज प्रताप ने बनाया बड़ा सस्पेंस

वीडियो शेयर करते हुए तेज प्रताप यादव ने लोगों की उत्सुकता और बढ़ा दी। उन्होंने संकेत दिया कि जल्द ही कुछ बड़ा सामने आने वाला है।

तेज प्रताप ने अपने पोस्ट में दावा किया कि देश ही नहीं, बल्कि पूरे एशिया को कुछ नया देखने को मिलेगा। उन्होंने मल्लिका शेरावत के साथ इस प्रोजेक्ट को खास और नया बताया है। हालांकि, उन्होंने प्रोजेक्ट की प्रकृति के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी।

उन्होंने लोगों से कुछ दिनों का इंतजार करने की अपील करते हुए मजेदार अंदाज में लिखा कि ‘1 से 10 तक गिनती शुरू कर दीजिए।’

पहले भी मल्लिका के साथ नजर आए थे तेज प्रताप

मल्लिका शेरावत के साथ तेज प्रताप यादव का यह पहला वीडियो नहीं है। इससे पहले भी दोनों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था। उसमें तेज प्रताप और मल्लिका आराम से बातचीत करते नजर आए थे। तेज प्रताप अपने मोबाइल की स्क्रीन पर मल्लिका को कुछ दिखाते हुए भी दिखाई दिए थे।

उस समय भी तेज प्रताप ने जल्द ही कुछ रोमांचक सामने आने का संकेत दिया था। अब नए वीडियो ने इस सस्पेंस को और बढ़ा दिया है।

राजनीति से अलग मनोरंजन की दुनिया में चर्चा

तेज प्रताप यादव राजनीति के अलावा अपने अलग अंदाज और सोशल मीडिया गतिविधियों को लेकर भी अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। कभी उनका देसी अंदाज चर्चा में रहता है तो कभी उनके सोशल मीडिया पोस्ट लोगों का ध्यान खींचते हैं।

हाल के दिनों में वह भोजपुरी रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ को लेकर भी चर्चा में रहे हैं। अब मल्लिका शेरावत के साथ उनकी जुगलबंदी ने एक नया सवाल खड़ा कर दिया है।

म्यूजिक वीडियो, शो या कुछ और?

तेज प्रताप यादव और मल्लिका शेरावत का नया वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। लोग जानना चाहते हैं कि दोनों किसी म्यूजिक वीडियो, रियलिटी शो, फिल्म या किसी अन्य प्रोजेक्ट में साथ नजर आने वाले हैं।

फिलहाल तेज प्रताप ने प्रोजेक्ट का नाम या उसकी आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। ऐसे में आखिर क्या है यह नया प्रोजेक्ट, इसका खुलासा होने तक सस्पेंस बरकरार है।