Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:युवती से रेप का मामला: प्राइवेट पार्ट में गंभीर चोट, डॉक्टरों ने लगाए टांके; SP बोले... - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, August 9, 2026

BIHAR:युवती से रेप का मामला: प्राइवेट पार्ट में गंभीर चोट, डॉक्टरों ने लगाए टांके; SP बोले...

सीवान में युवती से रेप का मामला: प्राइवेट पार्ट में गंभीर चोट, डॉक्टरों ने लगाए टांके; SP बोले- किडनैपिंग की कहानी जांच में गलत मिली, 2 गिरफ्तार

सीवान: सीवान में युवती से दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद पुलिस जांच में घटनाक्रम को लेकर अलग तस्वीर सामने आई है। युवती ने आरोप लगाया था कि स्कॉर्पियो सवार दो युवकों ने उसका अपहरण कर चलती गाड़ी में दुष्कर्म किया। घटना के बाद युवती सड़क किनारे बेहोशी की हालत में मिली थी। इलाज के दौरान उसके शरीर के निजी हिस्से में गंभीर चोट पाए जाने और ब्लीडिंग नहीं रुकने पर डॉक्टरों को टांके लगाने पड़े।

मामले में महिला थाने में दुष्कर्म की FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी अभिषेक वर्णवाल और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, सीवान एसपी पूरन कुमार झा के अनुसार, पुलिस की जांच में अपहरण की बात सही नहीं पाई गई है।

युवती ने बताया- स्कूल के पास से जबरन गाड़ी में बैठाया

पीड़िता के अनुसार, शनिवार को वह अपनी चचेरी बहन के साथ वीएम हाई स्कूल गई थी। इसी दौरान स्कॉर्पियो सवार दो युवक वहां पहुंचे और दोनों को जबरन गाड़ी में बैठा लिया।

युवती का आरोप है कि गाड़ी में ही दोनों के साथ जोर-जबरदस्ती शुरू की गई। कुछ दूरी आगे जाने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इसके बाद वह बेहोश हो गई और उसे घटना की ज्यादा जानकारी याद नहीं रही।

कुछ समय बाद जब उसकी बहन को होश आया तो दोनों सड़क किनारे पड़ी थीं। इसके बाद डायल-112 को सूचना दी गई। पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को जानकारी दी।

गंभीर चोट के कारण लगाए गए टांके

इलाज कर रहे डॉक्टरों के अनुसार, युवती के निजी हिस्से में गंभीर चोट थी। ब्लीडिंग नहीं रुकने के कारण डॉक्टरों को टांके लगाने पड़े। उसके शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं।

फिलहाल युवती की हालत स्थिर बताई जा रही है और वह खतरे से बाहर है।

SP बोले- जांच में अपहरण की कहानी सही नहीं मिली

सीवान एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए चार अलग-अलग टीमों का गठन किया गया था। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और कॉल डिटेल्स की भी जांच की।

एसपी के मुताबिक, जांच में युवक और युवती को एक साथ हॉस्पिटल रोड की तरफ जाते हुए देखा गया। पुलिस का दावा है कि दोनों अपनी मर्जी से एक होटल गए थे।

एसपी ने यह भी कहा कि घटनास्थल शहर के बीच घने इलाके में है। ऐसे स्थान पर अपहरण जैसी घटना होने पर तत्काल जानकारी मिलने की संभावना रहती है, लेकिन पुलिस को करीब छह घंटे बाद डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली।

पुलिस का दावा- युवक और युवती के बीच था अफेयर

एसपी के अनुसार, युवती का दिसंबर से मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बलेथा निवासी अभिषेक वर्णवाल के साथ संबंध था। अभिषेक मुंबई में काम करता था और हाल ही में घर आया था।

पुलिस के मुताबिक, अभिषेक अपने एक दोस्त के साथ युवती और उसकी बहन को लेकर नगर थाना क्षेत्र के एक होटल गया था। वहां युवती की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद दोनों युवक उन्हें लेकर घर की ओर जाने लगे।

पुलिस का कहना है कि रास्ते में युवती और उसकी बहन को घर से कुछ दूरी पहले सड़क किनारे छोड़कर दोनों युवक फरार हो गए।

होटल के कमरे से मिले साक्ष्य, जांच जारी

एसपी ने बताया कि जिस होटल में युवती और आरोपी गए थे, वहां के कमरे से पुलिस को कई महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं। इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, परिवार के डर के कारण युवतियों ने अपहरण और जबरन दुष्कर्म की कहानी बताई थी। हालांकि, युवती के बयान के आधार पर दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

गिरफ्तार आरोपी अभिषेक ने दुष्कर्म के आरोप से इनकार किया है। पुलिस अब CCTV फुटेज, कॉल डिटेल्स, मेडिकल रिपोर्ट और होटल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।