कोसी महासेतु के पास पानी में दिखा मगरमच्छ, ग्रामीणों ने पकड़ा; देखने के लिए जुटी भीड़
सुपौल: सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड क्षेत्र में रविवार को कोसी महासेतु के समीप पश्चिमी गाइड बांध के किनारे पानी में मगरमच्छ दिखाई देने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। मगरमच्छ पर नजर पड़ते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। सावधानी बरतते हुए ग्रामीणों ने मगरमच्छ को पकड़ लिया।
मगरमच्छ पकड़े जाने की सूचना भपटियाही थाना पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस ने वन विभाग को मामले की सूचना दी।
मगरमच्छ देखने के लिए जुटी भीड़
ग्रामीणों के अनुसार, पश्चिमी गाइड बांध के किनारे पानी में मगरमच्छ दिखाई दिया था। कुछ लोगों की नजर उस पर पड़ी तो उन्होंने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और लोगों ने मिलकर मगरमच्छ को पकड़ लिया।
मगरमच्छ पकड़े जाने की खबर फैलते ही उसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंचने लगे। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से मगरमच्छ से दूरी बनाए रखने की अपील की, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।
वन विभाग की टीम करेगी सुरक्षित रेस्क्यू
पुलिस के अनुसार, वन विभाग को घटना की जानकारी दे दी गई है। वन विभाग की टीम के पहुंचने के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित तरीके से उसके सुपुर्द किया जाएगा। इसके बाद वन विभाग के अधिकारी तय करेंगे कि उसे किस सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाना है।
भपटियाही थानाध्यक्ष जय प्रकाश चौधरी ने रविवार दोपहर बताया कि घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गई है।
पुलिस ने ग्रामीणों से की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि भविष्य में मगरमच्छ या किसी अन्य जंगली अथवा जलीय जीव के दिखाई देने पर उसे खुद पकड़ने या उसके करीब जाने की कोशिश न करें। ऐसी स्थिति में तत्काल पुलिस या वन विभाग को सूचना दें, ताकि प्रशिक्षित टीम मौके पर पहुंचकर सुरक्षित तरीके से कार्रवाई कर सके।